एडमिन इलेवन का तूफान, आईटी सुपरस्टार्स ढेर: 10 विकेट से शानदार जीत, सी न्यूज के केआरएस टी-20 ने रचा विभागीय सामंजस्य का नया अध्याय
आगरा। सी न्यूज द्वारा आयोजित केआरएस टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का सातवां लीग मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा, जहां एडमिन इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इनकम टैक्स सुपरस्टार्स को 10 विकेट से रौंद दिया। गेंदबाज़ों की सधी हुई रणनीति और सलामी बल्लेबाज़ों की विस्फोटक पारियों के दम पर यह मुकाबला एडमिन इलेवन ने महज़ 15 ओवर में ही अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान मैदान पर प्रशासनिक और आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया।
टॉस से बदली तस्वीर, गेंदबाज़ों ने बनाया दबाव
शनिवार की सुबह जब बादल छाए हुए थे और पिच पर नमी के कारण तेज़ गेंदबाज़ों को मदद मिल रही थी। ऐसे में इनकम टैक्स सुपरस्टार्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया, जो बाद में भारी पड़ गया। चोटिल होने के कारण इस मैच में कोच की भूमिका निभा रहे एडीएम प्रशांत तिवारी की रणनीति को एडमिन इलेवन के गेंदबाज़ों ने बखूबी अमल में उतारा और आईटी सुपरस्टार्स के बल्लेबाज़ों को शुरुआती ओवरों में रन के लिए तरसा दिया।
पहले 10 ओवर में इनकम टैक्स सुपरस्टार्स का स्कोर तीन विकेट पर सिर्फ 48 रन रहा। इसी दौरान मैदान पर चीफ इनकम टैक्स कमिश्नर अनुपम कांत गर्ग सपत्नीक पहुंचे, जिनकी मौजूदगी से टीम का मनोबल बढ़ा और बल्लेबाज़ों ने रनगति तेज़ की।
119 रन पर सिमटी इनकम टैक्स सुपरस्टार्स
अंतिम 10 ओवरों में इनकम टैक्स सुपरस्टार्स ने 71 रन जोड़ते हुए निर्धारित 20 ओवर में 119 रन बनाए।
बल्लेबाज़ी में मुकेश मीना ने 30 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाए। दीपक पचौरी ने 20, नितीश जायसवाल ने 15, रवि चतुर्वेदी ने 12 और उदय सिकरवार ने 16 रनों का योगदान दिया।
एडमिन इलेवन की ओर से प्रतीश राजपूत ने चार ओवर में एक मेडन सहित 15 रन देकर दो विकेट झटके। कप्तान मोहित पांडे ने भी चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लिए। पवन परिहार, तरुण चाहर और विजय कुंतल को एक-एक सफलता मिली।
10 विकेट से ऐतिहासिक जीत
120 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एडमिन इलेवन की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दोनों सलामी बल्लेबाज़ों ने समान रनगति से बल्लेबाज़ी करते हुए विपक्षी गेंदबाज़ों पर दबाव बनाए रखा और 15 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
अधीर बघेल ने 46 गेंदों में नौ चौकों की मदद से नाबाद 57 रन बनाए, जबकि अंकित यादव ने 45 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 56 रन की पारी खेली। अधीर बघेल को उनकी शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैदान के बाहर भी दिखा उत्साह
मैच के दौरान चोटिल होने के बावजूद एडीएम प्रशांत तिवारी व्हीलचेयर पर पूरे समय मैदान में मौजूद रहे और अपनी टीम का हौसला बढ़ाते नजर आए।
मैदान पर पूर्व विधायक गुटियारीलाल दुवेश और छावनी बोर्ड सदस्य राजेश गोयल की मौजूदगी भी रही। कमेंट्री की जिम्मेदारी विनोद जूनियर और विजय बघेल ने निभाई। सी न्यूज के डायरेक्टर चक्रेश जैन ने सभी अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया।
अंपायर की भूमिका में हरेंद्र शर्मा और दीपक रहे, तीसरे अंपायर अतुल सोलंकी थे, जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी विवेक ने संभाली। मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग सी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर की गई। कैमरामैन टीम का नेतृत्व सी न्यूज कैमरामैन हेड कमल ने किया।