जनकपुरी महोत्सव से पहले प्रशासन ने कसी कमर, जनक महल से हाईवे तक सुरक्षा और ट्रैफिक की पूरी तैयारी

आगरा। भावना एस्टेट रोड पर आयोजित होने जा रहे जनकपुरी महोत्सव-2026 को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को प्रशासन, पुलिस, यातायात विभाग और आगरा मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने महोत्सव क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जनक महल स्थल और वहां तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। इस दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, डायवर्जन और आमजन की सुविधाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर मंथन किया गया।

Sep 3, 2026 - 21:51
 0
जनकपुरी महोत्सव से पहले प्रशासन ने कसी कमर, जनक महल से हाईवे तक सुरक्षा और ट्रैफिक की पूरी तैयारी
आगरा के पुलिस, प्रशासन, यातायात और मेट्रो के अधिकारियों को जनकपुरी क्षेत्र का निरीक्षण कराते जनकपुरी महोत्सव समिति के पदाधिकारी।

अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

निरीक्षण में एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एडिशनल डीसीपी सिटी हिमांशु गौरव, एसीपी ट्रैफिक अमित कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह और सिकंदरा थाना प्रभारी राजीव त्यागी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। आगरा मेट्रो कॉरपोरेशन की ओर से चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर सुशील भट्ट, डिप्टी चीफ इंजीनियर मीत प्रकाश एवं अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।

आयोजन समिति के पदाधिकारी भी रहे मौजूद

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, महामंत्री मनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी एवं स्वामीनाथ तिवारी, सतीश ठाकुर और शिवा यादव मौजूद रहे।

हाईवे पर यातायात संचालन की बनेगी विशेष व्यवस्था

अधिकारियों ने महोत्सव के दौरान हाईवे और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात सुचारू रखने को लेकर विशेष योजना पर चर्चा की। आगरा मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारियों के साथ हाईवे पर आवश्यक बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन तथा विभिन्न कटों को खोलने और बंद रखने की व्यवस्था पर विचार किया गया, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

जनक महल और पहुंच मार्गों की सुरक्षा पर फोकस

प्रस्तावित जनक महल स्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ वहां पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संभावित भीड़, वाहनों की आवाजाही, आपातकालीन व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।

सभी विभाग मिलकर संभालेंगे व्यवस्था

प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे। निरीक्षण के दौरान मेट्रो क्षेत्र से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक समन्वय किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor