अग्निवीर भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, एक जून से देश भर में होगी सेना भर्ती की बड़ी परीक्षा, 206 शहरों के 403 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी ऑनलाइन सीईई परीक्षा, अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करने की अपील

 -आरके सिंह- बरेली। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 2026 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। सेना भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि वे ज्वाइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा 1 जून 2026 से 12 जून 2026 तक देशभर में आयोजित की जाएगी।

May 20, 2026 - 19:14
 0
अग्निवीर भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, एक जून से देश भर में होगी सेना भर्ती की बड़ी परीक्षा, 206 शहरों के 403 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी ऑनलाइन सीईई परीक्षा, अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करने की अपील

भर्ती निदेशक मंडल द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ऑनलाइन सीईई परीक्षा का आयोजन 22 विभिन्न श्रेणियों में किया जाएगा। परीक्षा देशभर के 206 शहरों में स्थित 403 परीक्षा केंद्रों तथा अन्य निर्धारित स्थानों पर संपन्न होगी। सेना भर्ती प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

सेना भर्ती बोर्ड ने बताया कि अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड 15 मई 2026 से ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करें, ताकि परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

भर्ती बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां केवल आधिकारिक माध्यमों पर उपलब्ध हैं। इसके बावजूद अभ्यर्थियों तक अधिकतम जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ऑनलाइन सीईई परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश डिजिटल और प्रिंट मीडिया, स्थानीय भाषा के समाचार पत्रों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए प्रसारित किए जाएंगे।

अधिकारियों ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor