आगरा में चोरी की वारदात के बाद परिवार पर टूटा दूसरा कहर, घर लौट रहे दो भाई सड़क हादसे में घायल
आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम उत्तू में चोरों ने एक घर से लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। चोर घर का जंगला तोड़कर अंदर घुसे और परिवार को बाहर से बंद कर संदूक लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर घर लौट रहे पीएसी में तैनात दो सगे भाई सड़क हादसे में घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आगरा। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के ग्राम दाउदपुर के मजरा उत्तू में बुधवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद परिवार पर उस समय दूसरी मुसीबत टूट पड़ी, जब सूचना मिलते ही घर लौट रहे पीएसी में तैनात दो सगे भाई सड़क दुर्घटना में घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम उत्तू निवासी निरंजन शर्मा बुधवार रात अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात चोर घर का जंगला तोड़कर अंदर घुस आए। चोरों ने घर के कमरों के बाहर से कुंडियां लगा दीं, जिससे घर में मौजूद वृद्ध दंपति और पुत्रवधुएं बाहर नहीं निकल सकीं। इसके बाद बदमाश घर में रखा संदूक उठाकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार संदूक में सोने की चेन, पेंडल, दो अंगूठियां, चांदी की पायल, कोदनी समेत करीब 1.90 लाख रुपये नगद रखे हुए थे। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में घर से चोरी किया गया संदूक पास के खेतों में पड़ा मिला, लेकिन उसमें रखे जेवरात और नगदी गायब थे।
घटना के बाद पीड़ित निरंजन शर्मा ने अपने दोनों पुत्रों विष्णु शर्मा और पवन शर्मा को फोन पर चोरी की जानकारी दी। दोनों भाई पीएसी में तैनात बताए गए हैं। सूचना मिलते ही दोनों रात में बाइक से घर के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवार की चिंता और बढ़ गई।
थाना प्रभारी आनंदवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के संदिग्धों और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।