पुरुषोत्तम मास में तीन वर्ष बाद नवांक श्रृंगार से सजे श्रीहरि, इस्कॊन मंदिर में दीपों की आभा में निखरा भक्ति का दिव्य दृश्य

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में श्रीहरि तीन वर्ष बाद नवांक श्रृंगार से अलंकृत हुए। इस दिव्य और अलौकिक स्वरूप के दर्शन मात्र के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शयन आरती से पूर्व मात्र 15 मिनट के लिए भगवान के नवांक स्वरूप के दर्शन का अवसर मिला, जिसमें श्रद्धालु भाव-विभोर होकर निहारते रहे।

May 17, 2026 - 22:26
 0
पुरुषोत्तम मास में तीन वर्ष बाद नवांक श्रृंगार से सजे श्रीहरि, इस्कॊन मंदिर में दीपों की आभा में निखरा भक्ति का दिव्य दृश्य
पुरुषोत्तम मास के पहले दिन इस्कॊन मंदिर में नवांक श्रृंगार से सजे श्रीहरि।

मंदिर परिसर में प्रथम दिन ही गोपी गीत के साथ भक्ति का अद्भुत वातावरण बना रहा। तुलसी की डंडी पर कपास से बने 1100 दीपों से दीपदान किया गया, जिससे संपूर्ण मंदिर परिसर दिव्य प्रकाश से आलोकित हो उठा।

इस्कॉन मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि नवांक श्रृंगार विशेष रूप से पुरुषोत्तम मास में ही तीन वर्ष के अंतराल पर किया जाता है। यह श्रृंगार प्रतिदिन शयन आरती से पूर्व किया जाएगा और सुबह मंगला आरती के बाद भगवान का स्वरूप सामान्य किया जाएगा। रात्रि में भगवान नवांक स्वरूप में ही शयन करते हैं।

मान्यता के अनुसार, सम्पूर्ण अलंकार से सुसज्जित श्रीहरि गोपियों से मिलने के लिए रात्रि में वृन्दावन में वास करते हैं। इसी कारण पुरुषोत्तम मास में प्रतिदिन शयन आरती से पूर्व विशेष नवांक श्रृंगार का आयोजन होता है तथा हर दिन भिन्न-भिन्न पुष्पों से फूल बंगला सजाया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि कार्तिक मास की तरह पुरुषोत्तम मास में दीपदान का विशेष महत्व है, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो जाता है।

इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, संजीव बंसल, राजेश मल्होत्रा, संजय कुकरैजा, सूरज, ओमप्रकाश अग्रवाल, विकास बंसल, राजेश उपाध्याय, शाश्वत नन्दलाल, राजप्रभु, अदिति गौरांगी, देव केशव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor