होली के रंगों में डूबा आगरा: मंदिरों, बाजारों, समितियों और समाजिक संगठनों में दिखा उत्सव, भक्ति और भाईचारे का विराट संगम

आगरा। फाल्गुन की उमंग और रंगों की मस्ती के बीच ताजनगरी आगरा में होली का पर्व धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पूरे उल्लास में मनाया जा रहा है। मंदिरों में भक्ति के रंग बिखरे तो व्यापारिक और सामाजिक संगठनों में आपसी सौहार्द और भाईचारे की खुशबू फैली। शहर के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित होली मिलन समारोहों, धार्मिक उत्सवों और यात्राओं में हजारों लोगों ने सहभागिता कर रंगों के इस पर्व को यादगार बना दिया।

Mar 2, 2026 - 20:31
Mar 2, 2026 - 21:06
 0
होली के रंगों में डूबा आगरा: मंदिरों, बाजारों, समितियों और समाजिक संगठनों में दिखा उत्सव, भक्ति और भाईचारे का विराट संगम
इस्कॉन मंदिर में होली के मौके पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में नृत्य करतीं महिला श्रद्धालु।

इस्कॉन मंदिर में उड़े होली के रंग, भगवान जगन्नाथ की भक्ति में सराबोर श्रद्धालु

आगरा। इस्कॉन मंदिर में होली का पर्व आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। भक्तों द्वारा चुकन्दर, पालक, हल्दी आदि से तैयार किए गए हर्बल रंगों से होली खेली गई। मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने पिचकारी में नीला, पीला, हरा और गुलाबी गुलाल भरकर बहन सुभद्रा व भाई बलराम के साथ विराजमान भगवान जगन्नाथ को रंग अर्पित किए।
अलौकिक फूलों से सजे झूले में विराजमान राधा-कृष्ण के दर्शन को भक्त उत्साहित नजर आए। हरिनाम संकीर्तन पर झूमते-नाचते श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में रंग अर्पित कर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। फाग पूर्णिमा पर भगवान को ठंडाई, मठरी और गुंजिया का भोग लगाया गया।
इस अवसर पर ओमप्रकाश अग्रवाल, राजीव मल्होत्रा, राजेश उपाध्याय, संजय कुकरैजा, अदिति गौरांगी, शशांक, विश्वास, शैलेश बंसल, नमन आदि उपस्थित रहे।
कल 3 मार्च को कमला नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में रात 7:30 बजे ग्रहण के उपरांत गौर पूर्णिमा महामहोत्सव आयोजित होगा।

सराफा व्यापारियों की होली में गूंजे खाटूश्याम के भजन

सराफा स्वर्णकार व्यावसायिक कमेटी नमक मंडी के होली मिलन समारोह की एक झलक।

आगरा। सराफा स्वर्णकार व्यावसायिक कमेटी नमक मंडी की ओर से विजय नगर स्थित नवरंग भवन में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय पंचायती राज मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और प्रमोद गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
अध्यक्ष डॉ. धीरज वर्मा ने बताया कि समारोह में खाटूश्याम भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजन गायक राजा सवारिया के- श्याम मुझे रंग जाने दे..., आयो फागण को मेलो... जैसे भजनों पर व्यापारी झूम उठे।
इस अवसर पर महामंत्री कुमुद वर्मा, कोषाध्यक्ष संजय वर्मा, मोहनलाल सोनी, सहदेव वर्मा, सनी वर्मा, विकास वर्मा, भोला वर्मा, सनी छबड़ा, चेतन वर्मा, पंकज वर्मा, राजू मेहरा, अमनदीप सिंह, मुन्ना लाल शिवहरे, सुनील वर्मा, राजकुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।

मोतीगंज में फूलों और गुलाल संग मना होली मिलन समारोह

श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति के होली मिलन समारोह में मौजूद व्यापारीगण।

आगरा। श्री मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति द्वारा मोतीगंज स्थित कार्यालय पर भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि टीएन अग्रवाल (अध्यक्ष, आगरा व्यापार मंडल) ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल ने आगरा व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, श्री भगवान बंसल, जयप्रकाश अग्रवाल, नेशनल चैंबर अध्यक्ष संजय गोयल, विवेक अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल सहित अतिथियों का स्वागत किया।
व्यापारियों ने एक-दूसरे पर फूलों और गुलाल की बौछार कर ठंडाई के साथ होली मनाई। उपाध्यक्ष श्रीनाथ बंसल, महामंत्री शैलेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मयंक मंगल, अखिलेश गोयल, मोहित गर्ग, प्रमोद गुप्ता, रविंद्र कुमार, पवन गोयल, अखिल मंगल आदि उपस्थित रहे।

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में उल्लास और संस्कारों संग मना होली महोत्सव

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में आयोजित होली उत्सव में नृत्य प्रस्तुत करतीं बालिकाएं।

होली का पर्व प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और आनंद के रंगों का प्रतीक है। इसी भावना को साकार करते हुए प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में दिनांक 2 मार्च 2026 को होली का उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, रंगों की छटा और उत्सव के उल्लास से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नृत्य और गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे पूरा वातावरण होली की मस्ती से भर गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन ओरायन सदन की कक्षा छह की छात्रा रामिनी रंजन ने किया। ओरायन सदन की कक्षा आठ की छात्रा आराध्या सिंह ने होली के महत्व पर प्रकाश डाला।

विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी छात्रों को होली की शुभकामनाएं दीं और बच्चों को हरित होली खेलने के लिए प्रेरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जैन महासमिति ने वृद्धाश्रम में मनाई सेवा-भाव की होली

आगरा। श्री दिगम्बर जैन महासमिति आगरा मंडल ने श्री रामलाल वृद्ध आश्रम, सिकंदरा में वृद्धजनों के साथ होली मिलन समारोह मनाया। बुजुर्गों को मिठाई वितरित कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
इस अवसर पर विपुल जैन, विकास जैन, चंदन जैन, दीपक जैन, राहुल जैन, प्रशांत जैन सोलर, प्रशांत जैन, मोहित जैन, आलोक जैन, शुभम जैन, अभिषेक जैन, वैभव जैन, आदिश जैन, आदर्श जैन, दीपांशु जैन शामिल हुए।

खण्डेलवाल समाज ने होली मिलन में मेधावियों को किया सम्मानित

आगरा। खण्डेलवाल क्लब द्वारा शाहगंज स्थित खण्डेलवाल सेवा सदन में खण्डेलवाल दिवस, बसंतोत्सव एवं होली मिलन महोत्सव आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलन किया।
कार्यक्रम संयोजक धीरज खण्डेलवाल ने बताया कि 200 बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजीव खण्डेलवाल, रमेश चंद्र खण्डेलवाल, श्याम मोहन गुप्ता, विनोद खण्डेलवाल, राजकुमार भगत, प्यारेलाल खण्डेलवाल, केके भगत, संजय खण्डेलवाल आदि मौजूद रहे।

निशान यात्रा में बरसा गुलाल, झूमे श्याम भक्त

आगरा। आवास विकास श्याम प्रेमी भक्त परिवार द्वारा श्री श्याम रंग भरी फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत खाटूश्याम की निशान यात्रा निकाली गई। 500 निशान लिए भक्त बैंड-बाजों और संकीर्तन के साथ नाचते-गाते आगे बढ़े।
अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सचिन राजपूत और सचिव लंकेश दीपक सारस्वत ने आयोजन की जानकारी दी।
इस अवसर पर निक्की भगत, सुनील वर्मा, रिंकू श्रीवास्तव, पंकज तायल, विवेक उपाध्याय, करन गर्ग, शालिनी श्रीवास्तव, गुंजन सारस्वत, रेनू वर्मा, कमलेश सारस्वत, प्रेमलता राजपूत, अंजू श्रीवास्तव, नंदनी शर्मा, रानी सारस्वत आदि मौजूद रहे।

रावतपाड़ा में व्यापारियों की होली, भाईचारे का दिया संदेश

आगरा। रावतपाड़ा व्यापार मंडल संगठन द्वारा अन्नपूर्णा भवन में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। व्यापारियों ने चंदन का तिलक, गुलाल और गुझिया-ठंडाई के साथ पर्व मनाया।
कार्यक्रम में अमित पांडेय, आशीष गुप्ता, सौरभ पांडेय, माधव पांडेय, पार्षद अनुज शर्मा, श्री भगवान, नरेश अग्रवाल, अमित गुप्ता, प्रवीन वर्मा सहित अनेक व्यापारी व समाजसेवी मौजूद रहे।

जीवनी मंडी के खाटू श्याम मंदिर में फूलों की सुरभित वर्षा में सराबोर हुआ श्याम दरबार

जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्री श्याम फागुन महोत्सव के अष्टम दिवस पर आयोजित फूलों की भव्य होली का मनोहारी दृश्य।

आगरा। जयघोष और पुष्पों की अलौकिक सुगंध के बीच सोमवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्री श्याम फागुन महोत्सव के अंतर्गत फूलों की भव्य होली का आयोजन हुआ। जैसे ही रंग-बिरंगे पुष्पों की वर्षा आरंभ हुई, पूरा मंदिर परिसर भक्ति, प्रेम और आनंद की दिव्य अनुभूति से भर उठा।
श्याम बाबा का श्रृंगार लाल, पीले और श्वेत पुष्पों से अत्यंत मनोहारी रूप में किया गया। ताजे फूलों से सजा दरबार मानो ब्रजधाम की छटा बिखेर रहा था। बुधवार प्रातः राजस्थान से मंगाई गई विशेष गुलाल के गोटे से होली खेली जाएगी। इस अवसर पर आशीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास गोयल, विपिन बंसल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

न्यू मार्केट जीवनी मंडी में व्यापारियों ने मनाया होली मिलन समारोह

आगरा। न्यू मार्केट जीवनी मण्डी ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से जीवनी मण्डी स्थित न्यू मार्केट में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। अध्यक्ष संजय गुप्ता, महासचिव मुकेश गुप्ता (सीमेंट) ने बताया कि समारोह में लोक संगीत और रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। व्यापारियों ने अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी एकता व सहयोग का संकल्प लिया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष तुषार वार्ष्णेय, अतुल गुप्ता, डॉ. केशवदत्त गुप्ता, दिनेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, संजय जैन, मुनेश गुप्ता, नितिन अग्रवाल, अनिल वार्ष्णेय, नागेंद्र सिंह, दिलीप अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, रवि शर्मा, लक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

कटरा जोगीदास स्थित दाऊजी महाराज खाटूश्याम मंदिर में श्याम बाबा संग फूलों की होली

आगरा। कटरा जोगीदास स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटूश्याम जी मंदिर में फाल्गुन मेला महोत्सव के सातवें दिन फूलों की होली का भव्य आयोजन किया गया। श्याम बाबा के संग होली खेलने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जगमग रोशनी और फूल बंगला से सजा मंदिर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
अध्यक्ष राजू गोयल ने बताया कि भक्त अपने साथ गुलाल लेकर आए, जिसे आरती के बाद मंदिर के बाहर होलिका में अर्पित किया गया। मंगलवार को गुलाल की होली के साथ फाल्गुन महोत्सव का समापन किया जाएगा।
इस अवसर पर सचिव मयंक अग्रवाल, राजेश गुप्ता, परिवेश अग्रवाल, प्रदीप राठौर, अतुल गुप्ता, संजीव पोरवाल, रुचिका गोयल, संध्या अग्रवाल, शशि खंडेलवाल, मधु जिंदल, कुसमा शर्मा, उर्मिला अग्रवाल, सीमा मिश्रा, शालनी अग्रवाल, नम्रता, कामली सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor