आगरा बना आध्यात्मिक-पर्यटन का नया केंद्र, गीता गोविंद वाटिका का हुआ भव्य लोकार्पण
आगरा के ताजनगरी फेस-2 में 1218.42 लाख रुपये की लागत से विकसित गीता गोविंद वाटिका का लोकार्पण प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह द्वारा किया गया। 17.6 एकड़ में फैली यह ब्रज थीम आधारित वाटिका श्रीकृष्ण लीलाओं, लेजर शो, म्यूजिकल फाउंटेन और ओपन एम्फीथिएटर जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। यह परियोजना आगरा को मथुरा-वृंदावन धार्मिक सर्किट से जोड़ते हुए उसे वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। साथ ही फतेहपुर सीकरी में गुलिस्तां पार्किंग का भी उन्नयन किया गया है।
मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत 17.6 एकड़ में विकसित हुआ ब्रज थीम पार्क
आगरा। पर्यटन नगरी आगरा को आज एक और बड़ी सौगात मिली, जब प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने ताजनगरी फेस-2 स्थित गीत गोविंद वाटिका (जोनल पार्क) का लोकार्पण किया। यह परियोजना मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना के अंतर्गत विकसित की गई है, जिसका शिलान्यास 4 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया था।
लगभग 17.6 एकड़ क्षेत्र में फैली इस भव्य वाटिका के विकास पर कुल 1218.42 लाख रुपये व्यय किए गए हैं, जिसमें 50% राशि राज्य सरकार/पर्यटन विभाग तथा शेष 50% आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा वहन की गई।
ब्रज संस्कृति और श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित अनूठी थीम
गीता गोविंद वाटिका को ब्रज थीम पर विकसित किया गया है, जो आगरा को मथुरा-वृंदावन धार्मिक सर्किट से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पार्क में कालिया नाग, गोवर्धन पर्वत, मोर, शंख, माखन मटका, मंडाला, जीआरसी व सैंड स्टोन जाली, स्टोरी पैनल और महाभारत के कुरुक्षेत्र युद्ध के दृश्य प्रतीकात्मक संरचनाओं के माध्यम से दर्शाए गए हैं।
आकर्षण के प्रमुख केंद्र
श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित लेजर शो
लाइट एंड साउंड शो
म्यूजिकल फाउंटेन शो
ओपन एम्फीथिएटर
थीम लाइटिंग एवं बोलार्ड लाइट
तुलसी वाटिका (रामा, श्यामा, वागा, श्वेता एवं विमला तुलसी प्रजातियां)
यहां प्रतिदिन शाम को आधे-आधे घंटे के दो लेजर शो आयोजित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को आध्यात्मिक व सांस्कृतिक अनुभव मिलेगा।
आगरा को ‘बेस्ट डेस्टिनेशन ऑफ द वर्ल्ड’ बनाने की दिशा में कदम
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास, निवेश और सुशासन के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने आगरा को विश्व स्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रस्तावित धार्मिक-पर्यटन सर्किट में फर्रुखाबाद (नीम करोली महाराज जन्मस्थान), मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा और मथुरा-वृंदावन को जोड़ते हुए एक समेकित विकास योजना पर कार्य किया जा रहा है।
फतेहपुर सीकरी में पर्यटक सुविधाओं का विस्तार
कार्यक्रम के दौरान फतेहपुर सीकरी स्थित गुलिस्तां पार्किंग में 84.87 लाख रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। फतेहपुर सीकरी स्थित इस पार्किंग स्थल पर संपर्क मार्ग का सुदृढ़ीकरण, स्टोन वर्क एवं टाइल्स कार्य, कैट आई इंस्टॉलेशन, एसएस बेंच की व्यवस्था, एसएस डस्टबिन की स्थापना आदि सुविधाओं से ऐतिहासिक स्मारकों के दर्शन के लिए आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।
ताजनगरीवासियों के लिए नया मनोरंजन और आध्यात्मिक स्थल
मंडल आयुक्त नागेंद्र प्रताप ने कहा कि लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में बसे ताजनगरी फेस-2 के निवासियों के लिए यह पार्क प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा। अब शहरवासियों को अपने क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय थीम पार्क, लेजर शो और सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव मिलेगा।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम को विधायक डॉक्टर जीएस धर्मेश, तथा विधायक खेरागढ़ भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में एडीए उपाध्यक्ष एम.अरुणमोली, सचिव श्रद्धा शांडिल्य, सदस्य नागेन्द्र दुबे गामा, शिवशंकर शर्मा, सहदेव शर्मा, दिगंबर धाकरे सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।