आगरा भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए कसी कमर, मंडल से बूथ तक माइक्रो मैनेजमेंट पर जोर

आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। अवधपुरी स्थित मंगलम मैरिज हॉल में महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में मंडल कार्यसमिति सत्यापन एवं प्रवासी योजना कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मंडल से लेकर शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुखों तक संगठन को मजबूत करने, आपसी तालमेल बढ़ाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

Sep 1, 2026 - 21:36
 0
आगरा भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए कसी कमर, मंडल से बूथ तक माइक्रो मैनेजमेंट पर जोर
आगरा महानगर भाजपा द्वारा मंगलवार को आयोजित की गई कार्यशाला में मंचस्थ पार्टी के वरिष्ठ नेता।

कार्यशाला का शुभारंभ महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सभी अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।

पूर्व महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने कहा कि भाजपा में बूथ अध्यक्ष सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। बूथ जीतकर ही चुनाव जीता जाता है। प्रत्येक बूथ को सक्रिय बनाना होगा, तभी चुनाव में भाजपा का परचम लहराएगा।

ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष हेमेंद्र शर्मा और पूर्व महानगर अध्यक्ष गामा दुबे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन के माइक्रो प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने मंडल से लेकर शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुखों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से झूठी अफवाहों और झूठे एजेंडों से जनता को सचेत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोगों को सही जानकारी देने के साथ पार्टी की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता जुटें।

विधायक डॉ. जीएस धर्मेश ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपस में बेहतर तालमेल बनाएं और समाज के लोगों से अधिक से अधिक संवाद स्थापित करें। पार्टी के सभी अभियानों से लोगों को जोड़ने के साथ सक्रिय बूथ बनाने में भी योगदान दें।

महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व से लेकर बूथ अध्यक्ष तक प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की सोच के साथ सेवा और समर्पण भाव से जन-जन तक पार्टी के अभियानों को पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जरूरतमंद लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना भी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में जोड़ने के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की योजनाओं से प्रदेश में विकास हुआ है। इससे जनता का भाजपा के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अपने विश्वास का जवाब भाजपा के पक्ष में मतदान करके देगी।

कार्यशाला में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, गामा प्रसाद दुबे, भानु महाजन, यादवेंद्र प्रताप सिंह, हेमेंद्र शर्मा, अरुण पाराशर, डॉ. पार्थ सारथी शर्मा, श्रीमती निर्मला दीक्षित, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, विकास भारद्वाज, अनिल सारस्वत, राहुल सागर, दीपू जादौन, मनमोहन कुशवाह, नवीन गौतम, रोहित कत्याल, अतुल गर्ग, राजू परमार, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, अंजू गर्ग, विकास गुप्ता, बॉबी लाले, केके सिकरवार, गया प्रसाद लोधी, विजय श्रीवास्तव, विवेक पाठक, कुशल गोयल और आदित्य अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor