सपा प्रवक्ता भाटी के विवादित बयान से आगरा के ब्राह्मण गुस्से में, सेंट जॉन्स चौराहे पर फूंका पुतला

आगरा। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित विवादित बयान को लेकर मंगलवार को आगरा में ब्राह्मण समाज का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। युवा नेता ललित शर्मा के नेतृत्व में सेंट जॉन्स चौराहे पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों और युवाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए राजकुमार भाटी का पुतला दहन किया तथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।

May 12, 2026 - 22:34
 0
सपा प्रवक्ता भाटी के विवादित बयान से आगरा के ब्राह्मण गुस्से में, सेंट जॉन्स चौराहे पर फूंका पुतला
सेंट जौन्स चौराहे पर सपा प्रवक्ता राज कुमार भाटी का पुतला फूंकते ब्राह्मण समाज के लोग।

प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण समाज के लोगों ने राजकुमार भाटी द्वारा दिए गए बयान की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का कार्य करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

युवा नेता ललित शर्मा ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले लोगों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राजकुमार भाटी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन से मांग की कि समाज विशेष की भावनाओं को आहत करने वाले बयान पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। पुतला दहन के समय सेंट जॉन्स चौराहे पर काफी देर तक माहौल गरमाया रहा और प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए समाजों को बांटने की कोशिश की जा रही है।

इस मौके पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग, युवा एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रमुख रूप से दीपविनायक पटेल, विनायक, उज्ज्वल चौहान, ध्रुव गुप्ता, अरुण तोमर, निशांत, परमवीर चौधरी, राघव, शिवम दुबे, कार्तिक, शुभम अग्रवाल, मनीष थापक, अवधेश शर्मा, उदय, विवेक भार्गव, आकाश पंडित, शुभम कश्यप, प्रशांत त्यागी, नवीन, मानव कुमार और अंकुर ठाकुर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor