बारिश में फसलों को डुबो रहा आगरा का एक चेक डैम, ब्लॉक प्रमुख ने जल निकासी गेट लगाने की उठाई मांग

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। बरसात के मौसम में किसानों की फसलों को जलभराव से होने वाले नुकसान को देखते हुए फतेहपुर सीकरी की ब्लॉक प्रमुख मंजू गुड्डू चाहर ने लघु सिंचाई विभाग से गंभीर नाले पर बने चेक डैम में जल निकासी गेट (स्लूइस गेट) लगाने की मांग की है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा है कि समय रहते यह व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश के दौरान आसपास के गांवों के खेत फिर जलमग्न हो जाएंगे और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

Jul 8, 2026 - 20:27
 0
बारिश में फसलों को डुबो रहा आगरा का एक चेक डैम, ब्लॉक प्रमुख ने जल निकासी गेट लगाने की उठाई मांग
वह चेक डैम, जिसके कारण फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में खेतों के जलमग्न होने का खतरा है।

ब्लॉक प्रमुख ने अपने पत्र में बताया कि फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के उन्देरा, दूरा, टीकरी और दौरेठा गांवों से होकर गुजरने वाले गंभीर नाले पर टीकरी और दौरेठा की सीमा, राजस्थान सीमा के समीप लगभग छह फीट ऊंचा और चार फीट चौड़ा चेक डैम बनाया गया है। इस चेक डैम में जल निकासी के लिए कोई गेट नहीं लगाया गया है, जिसके कारण बरसात के दौरान अतिरिक्त पानी की निकासी नहीं हो पाती।

उन्होंने कहा कि पानी का बहाव रुकने से आसपास के खेतों में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इससे हर वर्ष किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो जाती हैं और उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। इस समस्या से क्षेत्र के किसान लंबे समय से परेशान हैं।

ब्लॊक प्रमुख ने लघु सिंचाई विभाग से मांग की है कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से बचने के लिए चेक डैम में स्लूइस गेट (जल निकासी द्वार) लगाया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पानी आसानी से निकाला जा सकेगा और बारिश समाप्त होने के बाद गेट बंद कर जल संरक्षण भी किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था किसानों के हित के साथ-साथ जल संरक्षण की दृष्टि से भी बेहद उपयोगी साबित होगी। इसलिए जनहित और किसान हित को देखते हुए विभाग को इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि बरसात के दौरान किसानों की मेहनत और फसल दोनों सुरक्षित रह सकें।

SP_Singh AURGURU Editor