आगरा कॉलेज में प्रायोगिक परीक्षाओं का ऐलान, बॉटनी और केमिस्ट्री विभाग ने जारी किया पूरा शेड्यूल
आगरा। आगरा कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए वनस्पति विज्ञान एवं रसायन विज्ञान विभाग की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां जारी कर दी हैं। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों में परीक्षा तैयारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है।
आगरा कॉलेज, आगरा के प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम ने बताया कि बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर की वनस्पति विज्ञान (बॉटनी) प्रायोगिक परीक्षा 29 मई 2026 को प्रातः 10 बजे से आयोजित की जाएगी। वहीं एम.एससी. अष्टम सेमेस्टर की बॉटनी प्रायोगिक एवं शोध परियोजना परीक्षा 26 मई 2026 को सुबह 10 बजे से संपन्न कराई जाएगी।
इसी क्रम में रसायन विज्ञान विभाग द्वारा बी.एससी. द्वितीय सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षाएं 30 मई 2026 को प्रातः 9 बजे से आयोजित की जाएंगी। विभागीय स्तर पर परीक्षाओं को अलग-अलग बैचों में विभाजित किया गया है ताकि परीक्षाएं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सकें।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी प्रायोगिक परीक्षाएं संबंधित विभागों में ही आयोजित होंगी। परीक्षा को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम ने सभी विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने-अपने विभाग में उपस्थित होने की अपील करते हुए कहा कि छात्र परीक्षा संबंधी आवश्यक सामग्री एवं अभिलेख साथ लेकर आएं, जिससे परीक्षाएं सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सकें।