आगरा कॉलेज में परीक्षा अलर्ट: प्रायोगिक और शोध परियोजना परीक्षाओं की तारीख तय
आगरा कॉलेज ने एमएससी और बीए छात्रों की प्रायोगिक व शोध परियोजना परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 14 से 16 मई तक रसायन विज्ञान विभाग की परीक्षाएं और 15 मई को इतिहास विभाग का वाइवा आयोजित होगा।
आगरा। आगरा कॉलेज प्रशासन ने छात्रों के लिए बड़ा अपडेट जारी करते हुए प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) और शोध परियोजना (रिसर्च प्रोजेक्ट) परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने स्पष्ट किया कि सभी परीक्षाएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कड़ाई और व्यवस्थित तरीके से आयोजित की जाएंगी, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
रसायन विज्ञान विभाग की प्रभारी प्रो. संचिता सिंह ने बताया कि एम.एससी. प्रीवियस (VIII सेमेस्टर) और एम.एससी. फाइनल (X सेमेस्टर) के छात्र-छात्राओं के लिए 14 मई 2026 (गुरुवार) को रिसर्च प्रोजेक्ट परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 15 और 16 मई 2026 (शुक्रवार एवं शनिवार) को प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9:00 बजे से शुरू होंगी।
परीक्षाओं के लिए एनसीटी, बी.एससी. लैब ‘ए’, बी.एससी. लैब तथा स्टाफ रूम को परीक्षा केंद्र के रूप में निर्धारित किया गया है, जहां छात्रों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
वहीं इतिहास विभाग की प्रभारी प्रो. निशा राठौर ने बताया कि बी.ए. षष्ठ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं की रिसर्च प्रोजेक्ट मौखिक परीक्षा (वाइवा-वोचे) 15 मई 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 1:00 बजे इतिहास विभाग में आयोजित की जाएगी।
मीडिया प्रभारी प्रो. गौरव कौशिक ने सभी संबंधित छात्रों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु और बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
कॉलेज प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान अनुशासन और समय पालन को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।