सीएम ग्रिड की सुस्त रफ्तार पर आगरा के डीएम ने ठेकेदारों को फटकारा, बोले- समय पर काम पूरा न किया तो कार्रवाई
आगरा। मुख्यमंत्री ग्रिड (सीएम ग्रिड) योजना के तहत शहर में बन रही मॉडल सड़कों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में कई परियोजनाओं की बेहद धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने ठेकेदारों को फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से हरीपर्वत–राजामंडी मार्ग और टेढ़ी बगिया सड़क परियोजना की क्रमशः 15 प्रतिशत और 10 प्रतिशत प्रगति पर डीएम ने जवाब तलब किया तथा संसाधन और मैनपावर तत्काल बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत शहर में विकसित की जा रही मॉडल सड़कों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से प्रत्येक परियोजना की स्थिति की जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि हरीपर्वत–राजामंडी सड़क परियोजना में मात्र 15 प्रतिशत तथा टेढ़ी बगिया सड़क परियोजना में केवल 10 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो सका है। इस धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदारों से देरी का कारण पूछा।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री ग्रिड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यस्थलों पर तत्काल मैनपावर, मशीनरी और अन्य आवश्यक संसाधन बढ़ाए जाएं, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता की थर्ड पार्टी जांच भी कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य रूप से किए जाएं, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
समीक्षा बैठक में सड़क निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण के मामलों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि समन्वय बनाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज की जाए, ताकि परियोजनाओं में किसी प्रकार की रुकावट न आए।
उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की रोजाना मॉनिटरिंग करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की भी होगी।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने दो टूक कहा कि यदि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही सामने आई तो संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित तरीके से मॉडल सड़कों का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।