फाल्गुन की रंगीन फुहार में डूबा आगरा: श्याम सगाई की भव्य होली से रासोत्सव का समापन, काव्य मंच पर शब्दों के रंग और खाटू श्याम मंदिर में मेहंदी की होली ने रचा भक्ति-संस्कृति का उत्सव

फाल्गुन की रंगीन फुहार, श्याम नाम की गूंज और भक्ति में डूबी आस्था—आगरा में आयोजित श्री कृष्ण लीला रासोत्सव और फाल्गुन आयोजनों ने धार्मिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक भावनाओं का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कहीं श्याम सगाई की लीला में फूलों-लड्डुओं की होली खेली गई, तो कहीं काव्य मंच से शब्दों के रंग बिखरे और मंदिरों में मेहंदी की होली से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

Feb 24, 2026 - 22:13
 0
फाल्गुन की रंगीन फुहार में डूबा आगरा: श्याम सगाई की भव्य होली से रासोत्सव का समापन, काव्य मंच पर शब्दों के रंग और खाटू श्याम मंदिर में मेहंदी की होली ने रचा भक्ति-संस्कृति का उत्सव
रासोत्सव के समापन के मौके पर हुई श्याम सगाई की भव्य होली की एक झलक।

श्याम सगाई संग फूलों-लड्डुओं की होली, रासोत्सव संपन्न

आगरा। श्री श्यामा श्याम भागवत आयोजन समिति द्वारा नवीन गल्ला मंडी परिसर में आयोजित श्री कृष्ण लीला रासोत्सव का समापन मंगलवार को श्री श्याम सगाई लीला एवं फूलों, लड्डुओं और गुलाल की भव्य होली के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। समापन अवसर पर सजी मनोहारी झांकी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। “राधे रानी सरकार की जय” के जयघोष से पूरा पंडाल गूंज उठा।

श्याम सगाई के मंगल प्रसंग के पश्चात पुष्पवर्षा, लड्डुओं की होली और गुलाल के साथ रंगोत्सव खेला गया। “श्याम तेरी सगाई रच गई” और “आज बिरज में होली रे रसिया” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। प्रकाश व ध्वनि संयोजन से सजी झांकियों ने समापन को अलौकिक स्वरूप दिया।

स्वरूपों की आरती विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं मेयर हेमलता दिवाकर ने की। समिति अध्यक्ष हरी चंद्र गर्ग ने इसे संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का उत्सव बताया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र गोयल ने सहयोगियों व कलाकारों का आभार जताया। मंच व्यवस्थापक अनीश अग्रवाल ने आगामी वर्ष और भव्य आयोजन की घोषणा की।
इस अवसर पर राजीव गुप्ता, देवेश शाह, जिग्नेश शाह, जयप्रकाश अग्रवाल, शंभू नाथ, राजकुमार, सत्य प्रकाश, विक्रांत गोयल, गोपाल गोयल, मीरा रानी, राधा रानी, रेनू गर्ग, राकेश अग्रवाल, निलेश शाह, राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। बुधवार को प्रसादी वितरण किया जाएगा।

फाल्गुन महोत्सव में काव्य की बौछार, रंगों संग गूंजी रचनाएं

भारत विकास परिषद के होली मिलन समारोह की एक झलक।

आगरा। भारत विकास परिषद संपर्क शाखा द्वारा खंदारी स्थित लेमन ट्री होटल में फाल्गुन महोत्सव एवं होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। शुभारंभ बिजेंद्र सिंह वर्मा, उमेश बंसल, डॉ. तरुण शर्मा, वीरेंद्र सिंह, डॉ. मनोज रावत और अजित फौजदार ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

कवि हीरेन्द्र नरवार ‘हृदय’ और हेमेश कुमार की व्यंग्यात्मक व श्रृंगार रस से सजी रचनाओं पर श्रोता ठहाके लगाने को मजबूर हो गए। कवयित्री अनीता सान्याल और राज फौजदार की भावपूर्ण कविताओं ने फाल्गुन की महक बिखेरी। अजय रंगीला, मोहित सक्सेना, मीना शर्मा और अजय अजेय ने भी प्रभावी काव्य पाठ किया।

अध्यक्ष डॉ. दिग्जेंद्र सिंह ने कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, प्रेम और भाईचारे का पर्व है। इस अवसर पर ईना फौजदार, प्रवीन जैन, पूर्णिमा वर्मा, डॉ. रश्मि कपूर, अम्बा प्रसाद गर्ग, अभिनव भटनागर, विष्णु अग्रवाल, डॉ. अमित अग्रवाल, दीपा रावत सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

श्याम बाबा संग मेहंदी की होली, महिलाओं में उत्साह

ताजगंज स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुन मेला उत्सव में मेहँदी रचाती महिलाएं।

आगरा। ताजगंज स्थित श्री दाऊजी महाराज खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुन मेला उत्सव का शुभारंभ पहले दिन मेहंदी की होली से हुआ। ढोलक-मंजीरों की थाप पर महिलाएं भजनों पर झूमती रहीं।
अध्यक्ष राजू गोयल ने बताया कि भक्तों को श्याम बाबा के नाम की मेहंदी कॉर्न प्रसाद स्वरूप वितरित की गई। सचिव मयंक अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को फलों की होली खेली जाएगी।
इस अवसर पर सुनीता सारस्वत, शशि खंडेलवाल, सुमन जिंदल, विजय अग्रवाल, पूजा शर्मा, संध्या अग्रवाल, रुचिका गोयल, लक्ष्मी गुप्ता, नम्रता अग्रवाल, सीमा मिश्रा, रिचा जिंदल, शालिनी अग्रवाल, दुर्गेश वर्मा आदि उपस्थित रहीं।

SP_Singh AURGURU Editor