श्याम नाम में डूबा आगरा, भजनों की अमृतवर्षा में देर रात तक झूमते रहे श्रद्धालु, श्याम अरदास संकीर्तन में उमड़ा आस्था का सैलाब, देशभर से आए भजन गायकों ने बांधा समां
आगरा। जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर शुक्रवार को भक्ति, संगीत और आस्था का अद्भुत केंद्र बन गया। आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य श्याम अरदास संकीर्तन में देश के विभिन्न शहरों से आए प्रसिद्ध भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि पूरा मंदिर परिसर देर रात तक "हारे के सहारे बाबा श्याम" के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालु भजनों की मधुर धुनों पर झूमते रहे और बाबा श्याम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ गणेश वंदना एवं अखंड ज्योति प्रज्वलन से हुआ। संस्था के अध्यक्ष अमन गर्ग ने बाबा श्याम की मंगल आरती कर संकीर्तन का शुभारंभ कराया तथा सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
संकीर्तन की शुरुआत भजन गायिका आरोही दीक्षित ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से की। उन्होंने "हमारी दौलत है लवली किशोरी" और "थक सा गया हूं मैं बाबा..." जैसे भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
इसके बाद दीपक ठाकुर ने "हम हैं श्याम के प्यारे, बाबा श्याम हमारे..." भजन सुनाकर पूरे पंडाल को श्याममय बना दिया। श्रद्धालु तालियों की गूंज के बीच भजनों का आनंद लेते रहे।
भजन गायक अकुश शर्मा ने "जब भी श्याम दीवानों के सर पर संकट मंडराएगा, बाबा दौड़ा आएगा..." भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का संचार किया। वहीं भरतपुर से आए नरेश खत्री ने "आयो सांवरिया..." की मधुर प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण दिल्ली से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रथम शर्मा रहे। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने बाबा श्याम को शीश नवाकर "जन्म-जन्म तक तेरा मेरा साथ कभी ना छूटे बाबा..." भजन से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा। इसके बाद उन्होंने "खाटू जाकर सुन लो भक्तों मैं बाबा ले आया...", "सुन लो मेरी पुकार बाबा खाटू श्याम...", "मैं खाटू जाऊंगा, निशान चढ़ाऊंगा, निशान चढ़ाकर तेरा दर्शन पाऊंगा..." तथा "सजा दो घर को गुलशन सा, मेरे सरकार आए हैं..." जैसे लोकप्रिय भजनों की श्रृंखला प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक नृत्य करते रहे और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में गहरा उत्साह और भक्ति का भाव देखने को मिला। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने बाबा श्याम के दर्शन कर संकीर्तन का आनंद लिया।
इस अवसर पर मोहित अग्रवाल, गगन गर्ग, नीरज गर्ग, सौरभ अग्रवाल, दिव्यांश गोयल, यश गोयल, अमित अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।