जन्माष्टमी पर आस्था के रंग में रंगा आगरा, मंदिरों से लेकर भजन संध्या तक गूंजे कान्हा के जयकारे
आगरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को आगरा में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। जीवनी मंडी के श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्याम बाबा का फूल बंगला श्रृंगार किया गया। नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार काली घटा मनोरथ और मध्यरात्रि जन्मोत्सव मनाया गया, जबकि दयालबाग में माधुर्य सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्था की ओर से कृष्ण भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे। तीनों आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर कृष्ण भक्ति का आनंद लिया।
फूलों की बगिया में सजे श्याम बाबा
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्याम बाबा का लाल, गुलाबी, सफेद और पीले रंग के पुष्पों से भव्य फूल बंगला श्रृंगार किया गया। स्वर्ण मुकुट, कुंडल और दिव्य आभूषणों से सजे बाबा के दर्शन के लिए दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही। बाबा को इलायची और मखाने की मालाएं पहनाई गईं तथा चरणों में कमल पुष्प अर्पित किए गए।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि पोशाक एवं श्रृंगार सेवा विजय गुप्ता, फूल बंगला सेवा अनुराग एवं दीपक गर्ग, प्रसाद सेवा श्री खाटू श्याम जी ग्लोबल समिति, टॉफी, चॉकलेट एवं खिलौने सेवा श्री श्याम सेवक परिवार समिति, लाइटिंग सेवा पंकज कुमार अग्रवाल, झांकी सेवा अभिषेक गोयल, माखन-मिश्री सेवा राकेश गर्ग तथा इत्र सेवा हरिश्चंद्र अग्रवाल की ओर से की गई।
मंदिर परिसर को फूलों, गुब्बारों और आकर्षक खिलौनों से सजाया गया। श्रीकृष्ण जन्मलीला की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। बच्चों को टॉफी, चॉकलेट और खिलौने बांटे गए, जबकि श्रद्धालुओं को सुगंधित इत्र का वितरण किया गया। भजन संध्या में ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के साथ ‘हारे के सहारे की जय, श्याम बाबा की जय’ के जयकारे गूंजते रहे।
काली घटा में मनाया ठाकुर जी का जन्मोत्सव
नाई की मंडी स्थित प्राचीन वैष्णव पीठ श्री प्रेमनिधि मंदिर में ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज का जन्माष्टमी उत्सव पुष्टिमार्गीय सेवा-मर्यादा और परंपरा के अनुसार मनाया गया। प्रातः वेद मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत महाअभिषेक हुआ। इसके बाद शृंगार दर्शन और आरती हुई।
मुख्य सेवा अधिकारी हरि मोहन गोस्वामी और सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में जन्माष्टमी पूर्ण पुरुषोत्तम परब्रह्म के स्वरूपात्मक प्राकट्य का महापर्व है। इसी भाव के अनुरूप मंदिर में उपवास, पंचामृत स्नान, शृंगार और जागरण के मनोरथ संपन्न हुए।
सायंकाल अलौकिक ‘काली घटा’ मनोरथ के दर्शन हुए। श्याम आभा से सजे वातावरण में ठाकुर जी के विशेष शृंगार ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मध्यरात्रि में प्राकट्य के समय शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की मंगल ध्वनि के बीच महाआरती हुई। मंदिर परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के आनंद भयो’ के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर प्रबंधक दिनेश पचौरी ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। आशीष पचौरी, रानू, विशाल, राजेश धाकड़, राहुल, हर्षुल और सागर शिवहरे ने व्यवस्था संभाली। शनिवार 5 सितंबर को शाम 6 से रात 9:30 बजे तक पारंपरिक नंदोत्सव दधिखांदो मनाया जाएगा।
दयालबाग में भजनों पर झूमे श्रद्धालु
माधुर्य संस्था की भजन संध्या में मौजूद कवि और साहित्यकार।
दयालबाग स्थित राजदीप एन्क्लेव में माधुर्य सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्था आगरा की ओर से श्रीकृष्ण भजन संध्या आयोजित की गई। स्वरचित भजनों और भक्तिमय प्रस्तुतियों ने माहौल को कृष्णमय कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और लड्डू गोपाल के झूले को झुलाकर किया गया।
संस्था अध्यक्ष निशिराज जैन, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजेंद्र मिलन, डॉ. रमा वर्मा श्याम, डॉ. विजया तिवारी, प्रभुदत्त उपाध्याय और गिरधारीलाल शर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। निशिराज जैन ने कृष्ण भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।
डॉ. सुषमा सिंह, डॉ. यशोयश, डॉ. रामेंद्र शर्मा, हरवीर परमार, आचार्य उमाशंकर पाराशर, सुधा वर्मा और विनय बंसल ने भी स्वरचित भजन एवं गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान ‘राधे-कृष्ण’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंजते रहे। संचालन रेडियो आरजे नागेश शुक्ला ने किया, जबकि राजकुमार जैन ने अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया। देर रात तक चले आयोजन में साहित्य, संगीत और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला।
श्री मथुराधीश जी के पीली पोशाक में हुए दिव्य दर्शन, मध्यरात्रि में होगा पंचामृत स्नान
जन्माष्टमी के अवसर पर प्राचीन श्री ठाकुर मथुराधीश जी महाराज के विशेष दर्शन हुए। भगवान पीली पोशाक और अलौकिक श्रृंगार में भक्तों को दर्शन देते नजर आए। विशेष श्रृंगार पंडित नंदन श्रोत्रिय ने किया।
उन्होंने बताया कि पुष्टिमार्गीय मंदिर में लाला की छठी का पूजन जन्माष्टमी से एक दिन पूर्व मंदिर परिसर में ही मनाया जाता है। मध्यरात्रि में शालिग्राम जी का पंचामृत स्नान कराया जाएगा। इस अवसर पर अभिनव श्रोत्रिय, ओजस्वी भारद्वाज, तपस्या, अपला, अमन निषाद और शशि सहित श्रद्धालु मौजूद रहे।
बम्बई वालों की बगीची में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर सजा फूल बंगला
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बम्बई वालों की बगीची स्थित लक्ष्मी नारायण जी मंदिर में विराजमान श्री राजा रणछोर राय जी, श्री लक्ष्मीनारायण जी, राम दरबार और शिव परिवार का आकर्षक पोशाक एवं श्रृंगार कर फूल बंगला सजाया गया। मंदिर के महंत ब्रह्म प्रकाश गौड़ विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ रात्रि 12 बजे लड्डू गोपाल जी के जन्म कराएंगे। बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रतिष्ठित एवं गणमान्य लोगों के साथ भक्तगण और बम्बई वाला परिवार मौजूद रहा।
5 सितंबर को सुबह 8 बजे से भगवान श्री राजा रणछोर राय जी का पंचामृत स्नान कराया जाएगा। इसके बाद पूरे दिन भव्य श्रृंगार और फूल बंगले के दर्शन होंगे। महंत ब्रह्म प्रकाश गौड़ ने बताया कि मंदिर में लड्डू गोपाल जी की मूर्ति करीब 100 वर्ष पुरानी है।
सर्व कल्याणकारी हनुमान मंदिर में दिव्य साज-सज्जा
जन्माष्टमी के अवसर पर यमुना ब्रिज स्टेशन रोड स्थित सर्व कल्याणकारी हनुमान मंदिर में भव्य सजावट की गई। श्रीराम दरबार और राधा-कृष्ण के स्वरूपों का दिव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में जगमगाती विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी सजावट आकर्षण का केंद्र रही।
मंदिर के महंत पंडित बृजभूषण शास्त्री ने बताया कि इस बार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मकाल जैसा दुर्लभ संयोग बना है, जिससे भक्तों में विशेष उत्साह है। आयोजन में मीडिया समन्वयक दिलीप पाठक, सुभाष गोयल, महेश गुप्ता, अजय गोयल, अशोक गोयल, महेंद्र गुप्ता, अनेक गोयल और सौरभ सारस्वत सहित अन्य भक्तों का सहयोग रहा।