योगमय हुआ आगरा, विश्व धरोहर से मेडिकल कॉलेज तक गूंजा ‘योग से निरोग’ का संदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आगरा में विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए। फतेहपुर सीकरी, खंदौली, एस.एन. मेडिकल कॉलेज, जनपद न्यायालय और नेहरू नगर में सामूहिक योगाभ्यास हुआ। सांसद राजकुमार चहर, सांसद नवीन जैन और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। योग विशेषज्ञों ने योग को स्वस्थ, तनावमुक्त और संतुलित जीवन का आधार बताया। सभी कार्यक्रमों में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया गया।

Jun 21, 2026 - 19:44
 0
योगमय हुआ आगरा, विश्व धरोहर से मेडिकल कॉलेज तक गूंजा ‘योग से निरोग’ का संदेश
विभिन्न स्थानों पर हुए योग दिवस में शामिल जनप्रतिनिधि और अन्य लोग।

आगरा, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आगरा जनपद में विभिन्न संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक परिसरों और सामाजिक संगठनों द्वारा व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्व धरोहर स्थल फतेहपुर सीकरी के दीवान-ए-आम से लेकर खंदौली स्थित हेडगेवार स्पोर्ट्स स्टेडियम, एस.एन. मेडिकल कॉलेज, जनपद न्यायालय और नेहरू नगर अपार्टमेंट्स तक हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

फतेहपुर सीकरी में एएसआई द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सांसद राजकुमार चहर मुख्य अतिथि रहे। योग प्रशिक्षक शिवकुमार एवं लक्ष्मण सिंह ने योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस अवसर पर दिलीप सिंह, अजय मीणा, मोहम्मद इस्लाम, आनंदवीर सिंह, ओमकांत डैगर, मुरारी लाल गोयल और विनोद सांवरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

खंदौली स्थित श्री केशव बलिराम हेडगेवार स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने सामूहिक योगाभ्यास का नेतृत्व किया। उनके साथ आशीष शर्मा, राजकुमार गुप्ता, पूरन डावर, विजय अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, अनिल सारस्वत, सुभाष ढल और रोहित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

एस.एन. मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रशांत गुप्ता के नेतृत्व में भव्य आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल रहे, जबकि योगाचार्य परमजीत सरना एवं रेखा भटेले ने योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा 15 से 21 जून तक चले वाई-ब्रेक योग एट वर्कप्लेस अभियान का समापन भी हुआ। आयोजन में डॉ. दिव्या श्रीवास्तव, डॉ. अंकुर गोयल, डॉ. श्वेता अग्रवाल और हरेन्द्र शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नेहरू नगर गांधी नगर डॉक्टर्स एसोसिएशन (NGDA) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डॉ. शम्मी कालरा और डॉ. प्रदीप ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन के समन्वय में डॉ. गौरव राजपाल, डॉ. विनय गुप्ता, डॉ. कौस्तुभ साने, डॉ. अंजना पांडे और डॉ. रचना मित्तल सक्रिय रहे। कार्यक्रम में डॉ. एल.के. गुप्ता, डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता, डॉ. राजेन्द्र सिंह, डॉ. विकास मित्तल, डॉ. सिम्पी राजपाल, डॉ. विजय यादव, प्रशांत एवं रोहित सहित कई चिकित्सक और निवासी शामिल हुए।

वहीं जनपद न्यायालय, आगरा में आयोजित योग कार्यक्रम में प्रभारी जनपद न्यायाधीश पुष्कर उपाध्याय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शारिब अली, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पंकज कुमार-I तथा योग प्रशिक्षक लाल सिंह चाहर सहित न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया।