आगराः पिनाहट के पानी रामपुरा गांव में घर में घुसकर दबंगई दिखाने वाले दरोगा केपी सिंह को किया गया सस्पेंड, दंपति से मारपीट की थी

-नीरज परिहार- पिनाहट/आगरा। पिनाहट क्षेत्र के पाती रामपुरा गांव में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। वीडियो में कथित तौर पर घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता करते नजर आए दरोगा केपी सिंह पर विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन कर दिया। 

Apr 27, 2026 - 12:02
 0
आगराः पिनाहट के पानी रामपुरा गांव में घर में घुसकर दबंगई दिखाने वाले दरोगा केपी सिंह को किया गया सस्पेंड, दंपति से मारपीट की थी
वायरल वीडियो से लिया गया चित्र, जिसमें दरोगा सोनू दिवाकर के साथ अभद्रता करते दिखाई दे रहे हैं।

मामले के अनुसार, थाना पिनाहट में तैनात दरोगा केपी सिंह एक महिला के साथ मारपीट से जुड़े दर्ज मुकदमे की जांच के सिलसिले में पाती रामपुरा गांव पहुंचे थे। आरोप है कि जांच के दौरान दरोगा ने आरोपी पक्ष सोनू दिवाकर के घर में घुसकर न केवल अभद्रता की, बल्कि मारपीट भी की। इससे सोनू और उसकी पत्नी कविता को चोटें आईं। इतना ही नहीं, पीड़ित पक्ष ने दरोगा पर मोबाइल छीनने का भी गंभीर आरोप लगाया। जिस समय दरोगा ने घर में घुसकर तांडव मचाया, उस समय वहां चीख-पुकार मच गई थी। छोटे बच्चे रो रहे थे।

घटना का वीडियो किसी ने मौके पर ही बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया। पीड़ित पक्ष ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत डीसीपी पूर्वी से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।

जांच रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दरोगा केपी सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।

SP_Singh AURGURU Editor