लखनऊ में लाठीचार्ज के विरोध में आगरा के वकीलों में उबाल, डीजीपी का पुतला फूंका, न्यायिक कार्य ठप

लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज और चैंबर तोड़े जाने के विरोध में आगरा के वकीलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। थाना न्यू आगरा के सामने डीजीपी का पुतला फूंका गया और न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप रहे। सदर तहसील बार एसोसिएशन ने दोषी अधिकारियों पर एफआईआर, चैंबर पुनर्निर्माण और वकीलों की सुरक्षा की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

May 18, 2026 - 21:10
 0
लखनऊ में लाठीचार्ज के विरोध में आगरा के वकीलों में  उबाल, डीजीपी का पुतला फूंका, न्यायिक कार्य ठप
सदर तहसील में नारेबाजी करते अधिवक्ता।

आगरा। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज और वर्षों पुराने चैंबर तोड़े जाने की घटना के विरोध में सोमवार को आगरा में वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। जिला न्यायालय से लेकर सदर तहसील तक अधिवक्ताओं ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता थाना न्यू आगरा के सामने एकत्र हुए और जमकर नारेबाजी करते हुए डीजीपी का पुतला दहन किया।

अधिवक्ताओं का आरोप था कि लखनऊ में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे वकीलों पर पुलिस ने बर्बर लाठीचार्ज किया। इतना ही नहीं, करीब 30 से 35 वर्ष पुराने अधिवक्ता चैंबरों को भी तोड़ दिया गया। इस कार्रवाई को अधिवक्ता समाज ने लोकतंत्र पर हमला बताया।

विरोध स्वरूप सोमवार को आगरा जिला न्यायालय और सदर तहसील में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से खुद को विरत रखा। इसके चलते न्यायालयों में कई जरूरी मामलों की सुनवाई प्रभावित रही, वहीं तहसील में रजिस्ट्री, शपथ पत्र, प्रमाण पत्र और अन्य प्रशासनिक कार्य भी बाधित रहे। दूर-दराज से आए फरियादियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सदर तहसील बार एसोसिएशन की हुई बैठक

आगरा तहसील बार एसोसिएशन, सदर तहसील आगरा के तत्वावधान में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अधिवक्ताओं ने एक स्वर में लखनऊ की घटना की घोर निंदा की और दोषी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने मांग की कि टूटे हुए चैंबरों का जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए और वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा प्रदेशव्यापी हड़ताल का आह्वान भी किया जा सकता है।

निबंधन कार्यालय पर किया प्रदर्शन

बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने निबंधन कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। हालांकि पुतला दहन और प्रदर्शन के बाद अधिवक्ता शांतिपूर्वक लौट गए। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ता समाज का आईना होते हैं और न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में उन पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। अधिवक्ताओं ने कहा कि पुलिस की तानाशाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में राजेंद्र कुलश्रेष्ठ, अमरनाथ पाठक, लाल बहादुर राजपूत एडवोकेट, इंद्रपाल सिंह एडवोकेट, प्रवीण कुमार गुप्ता, विजय कुमार कुलश्रेष्ठ,भगवान सिंह एडवोकेट, सुबोध कुमार शर्मा एडवोकेट, मानसिंह एडवोकेट, शिवनंदन शर्मा एडवोकेट, संजय एडवोकेट, रानु जैन,
लखन कुमार एडवोकेट, ललित अग्रवाल एडवोकेट समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।