आगराः संजय प्लेस जूता मार्केट के 167 दुकानदारों को बड़ी राहत, एनओसी की अंतिम तिथि 10 जुलाई तक बढ़ी, दलालों से सावधान रहने की अपील

आगरा। संजय प्लेस स्थित जूता मार्केट के दुकानदारों को बड़ी राहत मिली है। द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन के अनुरोध पर आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 जून से बढ़ाकर 10 जुलाई 2026 कर दी है। फैडरेशन ने व्यापारियों से समय रहते एनओसी और म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर दुकान निरस्त होने की स्थिति में संबंधित दुकानदार स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Jun 20, 2026 - 21:17
 0
आगराः संजय प्लेस जूता मार्केट के 167 दुकानदारों को बड़ी राहत, एनओसी की अंतिम तिथि 10 जुलाई तक बढ़ी, दलालों से सावधान रहने की अपील
द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में शू मार्केट की दुकानों के बारे में जानकारी देते अध्यक्ष विजय सामा। साथ हैं अन्य पदाधिकारी।

हींग की मंडी स्थित द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष विजय सामा ने बताया कि एडीए ने शू मार्केट की 167 दुकानों को नोटिस जारी किए थे। इनमें वे दुकानें शामिल हैं, जहां जूता व्यापार के स्थान पर अन्य व्यवसाय संचालित हो रहा था या दुकानें बंद मिली थीं। उन्होंने बताया कि अब तक केवल 14 दुकानदारों ने ही एनओसी प्राप्त की है, जबकि लगभग 80 से 82 दुकानों का म्यूटेशन भी अब तक नहीं हुआ है।

विजय सामा ने कहा कि शू मार्केट की दुकानों का स्वामित्व आज भी एडीए के पास है। इन दुकानों को जूता उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रियायती दर पर लीज पर आवंटित किया गया था, लेकिन कई लोगों ने दुकानें किराये पर दे दीं या बेच दीं। कुछ दुकानों में जूते के बजाय अन्य कारोबार संचालित किए जा रहे हैं। शू मार्केट में कोचिंग सेंटर, स्पा और अन्य व्यवसाय भी चल रहे हैं, जो आवंटन के उद्देश्य के विपरीत हैं।

उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि जिस उद्देश्य से दुकान आवंटित हुई थी, उसी उद्देश्य के अनुरूप उसका उपयोग करें। एक बार दुकान निरस्त होने के बाद उसे पुनः बहाल कराना बेहद कठिन होगा।

फैडरेशन अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा स्थिति का लाभ उठाने के लिए कुछ दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने व्यापारियों को ऐसे लोगों से सावधान रहने और किसी भी प्रकार की जानकारी या एनओसी की प्रक्रिया के लिए सीधे फैडरेशन या एडीए के अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि जो व्यापारी किराये पर दुकान संचालित कर रहे हैं, वे किरायानामा प्रस्तुत कर भी एनओसी प्राप्त कर सकते हैं।

पत्रकार वार्ता के दौरान कई दुकानदार अपनी समस्याएं लेकर भी फैडरेशन कार्यालय पहुंचे। इनमें डंग ब्रदर्स के अर्जुन डंग, फ्रेंड्स इंटरनेशनल के गिरीश ग्रोवर, बजाज शू कंपनी के सुनील बजाज, बजाज लेदर हाउस के अनिल बजाज तथा सन इंटरनेशनल के रंजन दीवान शामिल रहे, जिन्होंने अपनी समस्याओं पर पदाधिकारियों से चर्चा की।

इस अवसर पर प्रदीप सरीन, प्रमोद महाजन, अजय महाजन, संजय अरोरा, दिलप्रीत सचदेवा, घनश्याम रोहरा, भीष्म लालवानी, राकेश महाजन, रवि महाजन, सुमित महाजन, हरीश लालवानी, नदीम अहमद, लक्ष्मण दास सहित बड़ी संख्या में फैडरेशन पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor