रफ्तार पकड़ने को तैयार आगरा मेट्रो, मनकामेश्वर–आईएसबीटी सेक्शन पर हाई-स्पीड ट्रायल जल्द

आगरा मेट्रो के मनकामेश्वर–आईएसबीटी रूट पर हाई-स्पीड ट्रायल की तैयारियां तेज हो गई हैं। सिग्नलिंग, ट्रैक और अन्य सिस्टम्स की टेस्टिंग जारी है, और अप्रैल के अंत तक हाई-स्पीड ट्रायल प्रस्तावित है। सफल परीक्षण के बाद मेट्रो सेवा शुरू होने का रास्ता साफ होगा।

Apr 21, 2026 - 20:52
 0
रफ्तार पकड़ने को तैयार आगरा मेट्रो, मनकामेश्वर–आईएसबीटी सेक्शन पर हाई-स्पीड ट्रायल जल्द
हाई-स्पीड ट्रायल से पहले नियमित ट्रायल करती मेट्रो।

आगरा। आगरा में मेट्रो परियोजना अब अपने अहम चरण में प्रवेश कर चुकी है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन से आईएसबीटी तक हाई-स्पीड ट्रायल की तैयारियों को तेज कर दिया है। इस रूट पर सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी सिस्टम्स की व्यापक टेस्टिंग लगातार जारी है।

मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर के अप और डाउन दोनों ट्रैकों पर नियमित ट्रायल रन किए जा रहे हैं। इन ट्रायल्स के दौरान ट्रेन की स्पीड, ब्रेकिंग सिस्टम, ट्रैक्शन, कम्युनिकेशन और सिग्नलिंग जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का गहन परीक्षण किया जा रहा है, ताकि संचालन के समय किसी भी तरह की तकनीकी बाधा न आए।

सूत्रों के अनुसार, अप्रैल के अंतिम सप्ताह में इस कॉरिडोर पर हाई-स्पीड ट्रायल प्रस्तावित है। यह ट्रायल परियोजना के लिए एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है, क्योंकि इसके सफल होने के बाद यात्री सेवाएं शुरू करने की दिशा में तेजी आएगी।

इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि मेट्रो के सभी महत्वपूर्ण सिस्टम जैसे सिग्नलिंग, ट्रैक और ट्रेन ऑपरेशन का सफलतापूर्वक परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूपीएमआरसी आगरा को एक विश्वस्तरीय, सुरक्षित और आधुनिक मेट्रो सेवा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

आगरा मेट्रो परियोजना के इस चरण से शहरवासियों में उत्साह बढ़ गया है, क्योंकि इससे शहर में ट्रैफिक जाम से राहत और तेज, सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।