आगराः मैत्री क्रिकेट मैच में नेशनल चैम्बर ने आयकर विभाग को 22 रन से हराया
आगरा। खेल और सौहार्द के उद्देश्य से आयोजित नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एवं आयकर विभाग आगरा के बीच मैत्री टी-20 डे-नाईट क्रिकेट मैच में रोमांच चरम पर रहा। 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयकर विभाग की टीम ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाया, लेकिन अंततः नेशनल चैम्बर की सधी हुई गेंदबाजी और मजबूत फील्डिंग के आगे 22 रन से मुकाबला हार गई। चैम्बर की ओर से रचित मित्तल को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
यह मैत्री मुकाबला अनेक सिंह क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित हुआ। आयोजन नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष संजय गोयल एवं पूर्व अध्यक्ष व आयकर प्रकोष्ठ के चेयरमैन अनिल वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि अनुपम कांत गर्ग (प्रधान आयकर आयुक्त) एवं विशिष्ट अतिथि शैलेन्द्र श्रीवास्तव रहे। मैच की व्यवस्थाओं का कुशल संचालन संयोजक मनोज बंसल ने किया।
टॉस जीतकर नेशनल चैम्बर की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। चैम्बर की ओर से बल्लेबाजों ने आक्रामक और संतुलित प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 171 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयकर विभाग की टीम ने पूरे उत्साह और दमखम के साथ मुकाबला लड़ा, लेकिन 20 ओवर में 149 रन ही बना सकी।
मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी सोबरन सिंह (अंतरराष्ट्रीय स्तर के अंपायर एवं आयकर निरीक्षक) और संतोष केसरी ने पूरी निष्पक्षता से निभाई। आयकर टीम की कप्तानी स्वयं प्रधान आयकर आयुक्त अनुपम कांत गर्ग (आईआरएस) ने की, जबकि नेशनल चैम्बर टीम के कप्तान विशी गुप्ता और उपकप्तान अनमोल असीजा रहे।
व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो आयकर टीम से अखिल श्रीवास्तव बेस्ट बॉलर और मुकेश मीना बेस्ट विकेटकीपर रहे। चैम्बर टीम से विशी गुप्ता को बेस्ट फील्डर तथा रचित मित्तल को शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में कोच की भूमिका अतुल चतुर्वेदी ने निभाई, कमेंट्री नरेन्द्र शर्मा द्वारा की गई। स्कोरिंग की जिम्मेदारी अंकुर गर्ग ने संभाली।
मैच के समापन पर चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल एवं प्रधान आयकर आयुक्त अनुपम कांत गर्ग ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
नेशनल चैम्बर टीम में कप्तान विशी गुप्ता, उपकप्तान अनमोल असीजा, रचित मित्तल, ध्रुव मित्तल, देवेश शाह, हिमांशु अग्रवाल, अमरिंदर सिंह, दीप गोयल, तुषार गर्ग, धीरज काठपाल, प्रियांशु मित्तल, मुदित गोयल, सतीश पचौरी, प्रमोद तोमर, आयुष गुप्ता एवं योगेश रकवानी शामिल रहे।
इस अवसर पर चैम्बर की ओर से संजय गोयल, अनिल वर्मा, संजय कुमार गोयल, विवेक जैन, संजय अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अतुल कुमार गुप्ता, राजीव अग्रवाल, शलभ शर्मा, अम्बा प्रसाद गर्ग, मयंक अग्रवाल, मनोज बंसल, मनोज कुमार गुप्ता, अनूप गोयल, राजेन्द्र अग्रवाल, दिनेश जैन, मयंक मित्तल, सचिन सारस्वत, सतीश अग्रवाल, नीतेश अग्रवाल, विनय मित्तल, गिरीश चंद गोयल, नीरज अग्रवाल, अखिल मोहन मित्तल, विकास मित्तल, राजेन्द्र गर्ग सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।