आगरा में आधी रात पड़ोसी ने की छत से घुसकर महिला से दुष्कर्म की कोशिश, शोर मचते ही फरार
आगरा के जगदीशपुरा में एक पड़ोसी युवक ने आधी रात छत के रास्ते घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आगरा। आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में आधी रात एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, गत रात करीब 1:22 बजे आरोपी पड़ोसी छत के रास्ते महिला के घर में घुस आया।
बताया जा रहा है कि महिला उस समय घर में सो रही थी। आरोपी ने अचानक उसे दबोच लिया और उसका मुंह बंद कर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। अचानक हुए इस हमले से घबराई महिला ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर शोर मचाना शुरू कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पड़ोसी पहले से ही उसे लगातार धमका रहा था और उस पर गलत नजर रखे हुए था। घटना के बाद महिला और उसके परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के साक्ष्य भी जुटा रही है।