गोकशी मामले में आगरा के पुलिस कमिश्नर का सख्त एक्शन, अछनेरा थाने के इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, लोहामंडी के इंस्पेक्टर घोर लापरवाही पर निलंबित किया गया, पूर्वी जोन में भी कार्रवाई की आहट

आगरा। शहर में कानून-व्यवस्था में ढिलाई और लापरवाही के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। गोकशी से जुड़े मामले में अछनेरा थाने के इंसपेक्टर देवेंद्र द्विवेदी को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि गंभीर लापरवाही के आरोप में लोहामंडी थाने के इंसपेक्टर उत्तम चंद पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह इंद्रजीत सिंह को लोहामंडी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

May 27, 2026 - 19:10
 0
गोकशी मामले में आगरा के पुलिस कमिश्नर का सख्त एक्शन, अछनेरा थाने के इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, लोहामंडी के इंस्पेक्टर घोर लापरवाही पर निलंबित किया गया, पूर्वी जोन में भी कार्रवाई की आहट
आगरा के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार।

गोकशी मामले ने भड़काया आक्रोश, ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव

मामला अछनेरा थाना क्षेत्र का है, जहां गंगा मंदिर के पास रहने वाले किसान घनश्याम के प्लॉट पर बंधी तीन गायों में से एक गाय सोमवार सुबह गायब मिली।

परिवार की महिलाओं ने जब प्लॉट पर जाकर देखा तो पास ही खेत में खून के निशान मिले, जिससे गोकशी की आशंका गहराई। कुछ ही दूरी पर नाले में बोरे में गाय की खाल मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप लगाया।

इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, जांच के आदेश

स्थिति को गंभीर मानते हुए पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने अछनेरा थाने के प्रभारी देवेंद्र द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच आगे जारी है और इस प्रकरण में लापरवाही के सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।

लोहामंडी में गंभीर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई

दूसरी बड़ी कार्रवाई में लोहामंडी थाना के इंस्पेक्टर उत्तम चंद पटेल को गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और कार्यशैली में गंभीर खामियों के आधार पर यह कदम उठाया गया है। उनकी जगह इंद्रजीत सिंह को थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पूर्वी जोन में भी हो सकती है बड़ी कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार पूर्वी जोन के एक अन्य इंस्पेक्टर पर भी जल्द ही कार्रवाई हो सकती है। पुलिस प्रशासन सभी मामलों की गहन समीक्षा कर रहा है और लापरवाही पाए जाने पर और भी निलंबन या लाइन हाजिर की कार्रवाई संभव है।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कानून-व्यवस्था से समझौता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। गोकशी जैसे संवेदनशील मामलों में लापरवाही पर अब सीधे कार्रवाई की जा रही है, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाया जा सके।