आगरा पुलिस का अपराधियों पर शिकंजाः बाह पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के वांछित आरोपी दबोचा, फतेहाबाद पुलिस ने महिला का ज्वेलरी से भरा पर्स छीन ले जाने बदमाश को गिरफ्तार किया, दो अन्य की तलाश जारी
आगरा पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो मामलों में अहम सफलता हासिल की है। थाना बाह पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि थाना फतेहाबाद पुलिस ने तमंचे के बल पर महिला का पर्स लूटने वाले गिरोह के एक आरोपी को दबोच लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
बटेश्वर में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार
थाना बाह पुलिस ने नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी संजीव वर्मा पुत्र नाथूराम वर्मा, निवासी बटेश्वर, को बटेश्वर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि वह अपने पैर की पायल ठीक कराने के लिए बटेश्वर स्थित संजीव वर्मा की दुकान पर गई थी। इस दौरान आरोपी उससे गलत नीयत से बातचीत करने लगा। कुछ समय बाद आरोपी उसके घर पहुंच गया, जहां उसने अश्लील हरकतें कीं। पीड़िता द्वारा विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना बाह में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना पर उसे बटेश्वर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया।
महिला का पर्स लूटने वाले गिरोह का एक बदमाश दबोचा, दो आरोपी फरार

लूटकांड के मामले में गिरफ्तार आरोपी नीरज पुलिस के चंगुल में।
थाना फतेहाबाद पुलिस ने लूट की वारदात में शामिल एक आरोपी नीरज पुत्र किताब सिंह, निवासी नगला देवहंस, थाना डौकी, को सिकरारा अंडरपास के पास वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को वादी अपनी पत्नी और भाभी के साथ बाइक से फिरोजाबाद स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान फतेहाबाद-भलोखरा मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसकी पत्नी का पर्स लूट लिया। वादी ने बदमाशों का पीछा किया तो आरोपियों ने तमंचे से फायरिंग कर दी और फरार हो गए।
लूटे गए पर्स में एक जोड़ी चांदी की पायल, एक करधनी, सोने की दो अंगूठियां और सोने का गले का पेंडल सहित अन्य सामान रखा हुआ था।
पुलिस ने घटना के खुलासे के दौरान एक आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके फरार साथी सूर्य प्रकाश उर्फ एसपी पुत्र केदार सिंह निवासी नगला देवहंस तथा आकाश की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।