आगरा पुलिस का ‘ऑपरेशन मोबाइल रिकवरी’ सफल,सीईआईआर पोर्टल से 201 खोए-चोरी हुए मोबाइल बरामद

आगरा पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस तकनीक की मदद से 201 खोए और चोरी हुए मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 88.70 लाख रुपये है। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में डीसीपी सिटी अली अब्बास ने मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए। पुलिस ने लोगों से मोबाइल गुम होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

May 27, 2026 - 16:44
 0
आगरा पुलिस का ‘ऑपरेशन मोबाइल रिकवरी’ सफल,सीईआईआर पोर्टल से 201 खोए-चोरी हुए मोबाइल बरामद
चोरी गया मोबाइल बरामद कर वापस करते डीसीपी सिटी।

88 लाख से ज्यादा की संपत्ति लौटाई, लोगों के चेहरों पर लौटी मुस्कान 

आगरा। आगरा पुलिस ने साइबर तकनीक और सर्विलांस की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए खोए और चोरी हुए 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 88.70 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से न सिर्फ लोगों को उनका खोया सामान वापस मिला, बल्कि पुलिस के प्रति जनता का भरोसा भी और मजबूत हुआ है।

बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। महीनों से अपने मोबाइल खो चुके लोगों के चेहरे उस समय खिल उठे, जब उन्हें उनका फोन वापस मिला। कई लोगों ने आगरा पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल पाएगा।

सीईआईआर पोर्टल बना बड़ी मदद

पुलिस की साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने केंद्र सरकार के सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से मोबाइलों को ट्रैक किया। तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त पुलिसकर्मियों ने आईएमईआई नंबर और डिजिटल सर्विलांस के जरिए अलग-अलग स्थानों से मोबाइल रिकवर किए।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मोबाइल चोरी और गुम होने के मामलों में सीईआईआर पोर्टल बेहद कारगर साबित हो रहा है। शिकायत दर्ज होते ही मोबाइल की लोकेशन और एक्टिविटी पर निगरानी रखी जाती है, जिससे बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।

लोगों से की गई अहम अपील

डीसीपी सिटी अली अब्बास ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही नजदीकी थाने या सर्विलांस सेल को भी सूचना दें। समय रहते शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल ट्रेस होने की संभावना काफी अधिक रहती है।

तकनीक से मजबूत हुई पुलिसिंग

आगरा पुलिस लगातार तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा दे रही है। साइबर मॉनिटरिंग, डिजिटल ट्रैकिंग और सर्विलांस सिस्टम के जरिए अपराध नियंत्रण और खोई संपत्ति की बरामदगी में तेजी आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।