आईसीएसई-आईएससी रिजल्ट में आगरा का जलवा, 12वीं में श्रेय अग्रवाल टॉपर, 10वीं में भी शानदार प्रदर्शन
आईसीएसई-आईएससी बोर्ड परिणाम में आगरा के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। 12वीं में श्रेय अग्रवाल 99.26% के साथ शहर में टॉपर रहे, जबकि 10वीं में भी छात्रों ने बेहतरीन अंक हासिल किए। स्कूलों में जश्न का माहौल रहा।
आगरा। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (सीआईएससीई) द्वारा घोषित आईसीएसई (10वीं) और आईएससी (12वीं) बोर्ड के नतीजों में इस बार आगरा के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। इस वर्ष आईसीएसई (10वीं) में 99.18% और आईएससी (12वीं) में 99.13% छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जो बोर्ड के उच्च सफलता प्रतिशत को दर्शाता है।
आगरा में 12वीं (आईएससी) के परिणामों में सेंट कॉनराड्स इंटर कॉलेज के छात्र श्रेय अग्रवाल ने 99.26% अंक हासिल कर शहर में पहला स्थान प्राप्त किया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्कूल और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
10वीं में भी सेंट कॉनराड्स का दबदबा
आईसीएसई (10वीं) में भी सेंट कॉनराड्स के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। अनुष्का परुलिया, तेजस सिंह और कृतिका सिंह ने 98.6% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं सेंट पीटर्स कॉलेज के छात्र सात्विक पाठक ने 99% अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
साइंस स्ट्रीम में भी शानदार उपलब्धियां
सेंट पीटर्स कॉलेज के छात्र ग्रंथ अग्रवाल ने साइंस स्ट्रीम में स्कूल टॉप किया। वहीं कुशाग्र बंसल ने पीसीएम वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गणित विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की।
स्कूलों में जश्न का माहौल
रिजल्ट घोषित होते ही स्कूलों में खुशी का माहौल देखने को मिला। छात्रों ने अपने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफलता का जश्न मनाया। विद्यालय प्रबंधन और फादर्स ने भी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
री-चेकिंग और सुधार परीक्षा की तारीखें
परिषद के अनुसार, छात्र 1 मई से 4 मई तक पुनः जांच (री-चेकिंग ) के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं 8 मई से 14 मई तक सुधार परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया चलेगी। पुनः जांच के परिणाम जून के प्रथम सप्ताह में घोषित किए जाएंगे, जिसके बाद पुनर्मूल्यांकन का अवसर भी दिया जाएगा।