सिंगापुर के वैश्विक मंच पर चमका आगरा, महापौर हेमलता ने दुनिया के सामने रखा विकास का विजन

आगरा। आगरा नगर निगम की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शनिवार को सिंगापुर में आयोजित प्रतिष्ठित ली कुआन यू वर्ल्ड सिटी प्राइज कार्यक्रम में भाग लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगरा के विकास मॉडल को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम द्वारा स्वच्छता, डिजिटल प्रशासन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, विरासत संरक्षण और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं नवाचारों को दुनिया के विभिन्न देशों से आए महापौरों और शहरी विशेषज्ञों के समक्ष साझा किया।

Jun 13, 2026 - 19:03
 0
सिंगापुर के वैश्विक मंच पर चमका आगरा, महापौर हेमलता ने दुनिया के सामने रखा विकास का विजन
सिंगापुर में आयोजित ली कुआन यू वर्ल्ड सिटी प्राइज कार्यक्रम में मौजूद आगरा की मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह।

कार्यक्रम में सिंगापुर सरकार के शहरी विकास मंत्री के साथ हेलसिंकी (फिनलैंड), पेरिस (फ्रांस), दक्षिण अफ्रीका तथा युगांडा सहित कई देशों के प्रमुख शहरों के महापौर, नगर प्रशासक एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने शहरों में शहरी विकास, नगर प्रबंधन, नवाचार, नागरिक सेवाओं और आधुनिक प्रशासनिक व्यवस्थाओं के अनुभव साझा किए।

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि आगरा नगर निगम स्वच्छता, डिजिटल प्रशासन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और सतत विकास के लक्ष्य को लेकर लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व के विभिन्न शहरों के साथ अनुभवों का आदान-प्रदान नगर प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि आगरा को वैश्विक विकास के सतत लक्ष्यों के अनुरूप एक आधुनिक और विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आगरा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए भविष्य के विकसित शहरों की श्रेणी में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन, शहरी स्वच्छता, सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता, आधुनिक नगर प्रबंधन तथा भविष्य के शहरों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने इन विषयों पर अपने अनुभव और सफल मॉडल साझा किए।

महापौर की यह सहभागिता आगरा को वैश्विक शहरी मंचों पर सशक्त पहचान दिलाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग, तकनीकी ज्ञान और नवाचार के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor