आगरा में तेज रफ्तार ट्रक ने खेरागढ़ रोड पर बाइक को रौंदा, फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के 18 वर्षीय अंशु की सड़क पर ही थम गई जिंदगी
आगरा जनपद के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक और युवा जिंदगी छीन ली। खेरागढ़ रोड पर पीछे से आए अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
-महावीर सिंह वर्मा-
फतेहपुर सीकरी। क्षेत्र के मंगली कला गांव निवासी अंशु (18) पुत्र स्व. कल्याण सिंह अपनी रोजी-रोटी के सिलसिले में ठेकेदार से मिलने के लिए नौरंगपुर, खेरागढ़ जा रहा था। वह बाइक से खेरागढ़ रोड पर बिलावली के पास पहुंचा ही था कि पीछे से तेज गति और अनियंत्रित हालत में आ रहे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि टक्कर के बाद युवक सड़क पर बुरी तरह घायल होकर गिर पड़ा। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल अंशु को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। अंशु की असमय मौत से परिजन बदहवास हो गए। बताया गया है कि अंशु दो भाइयों में से एक था और पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। दोनों भाई मेहनत-मजदूरी कर राजगीर मिस्त्री के रूप में टाइल्स और पत्थर का काम करके परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। ऐसे में अंशु की मौत ने परिवार की आर्थिक और भावनात्मक रीढ़ तोड़ दी है।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।