आगरा में बोर्ड परीक्षा में नकल न कराने पर छात्र ने वापस मांगे पैसे, शिक्षक ने पीट डाला, वीडियो वायरल

आगरा के थाना किरावली क्षेत्र स्थित रामखिलाड़ी इंटर कॉलेज में नकल कराने के नाम पर छात्रों से रुपये लेने और नकल न होने पर पैसे वापस मांगने पहुंचे छात्र सुरजीत के साथ कथित शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें शिक्षक छात्र को धमकाते और पीटते नजर आ रहे हैं। छात्र ने बाइक रोकने का भी आरोप लगाया है। डायल 112 पर सूचना के बाद बाइक वापस मिली। कॉलेज प्रबंधन ने आरोपों को निराधार बताया है, जबकि डीआईओएस ने मामले का संज्ञान लेकर परीक्षा केंद्र को नोटिस जारी किया है।

Mar 20, 2026 - 16:00
 0
आगरा में बोर्ड परीक्षा में नकल न कराने पर छात्र ने वापस मांगे पैसे, शिक्षक ने पीट डाला, वीडियो वायरल
छात्र और टीचर में पैसे वापसी को लेकर चल रहे विवाद का वायरल वीडियो से लिया गया चित्र।

आगरा। यूपी बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद भी आगरा में नकल को लेकर नया खुलासा हुआ है। ताजा मामला थाना किरावली क्षेत्र के रामखिलाड़ी इंटर कॉलेज से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां नकल कराने के नाम पर छात्रों से रुपये वसूले जाने और बाद में पैसे वापस मांगने पहुंचे छात्र के साथ मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि सेवला निवासी छात्र सुरजीत ने आरोप लगाया है कि यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान कॉलेज में नकल कराने के नाम पर छात्रों से पैसे लिए गए थे। छात्रों को यह भरोसा दिया गया था कि यदि नकल नहीं हो पाई, तो उनसे लिए गए रुपये वापस कर दिए जाएंगे। लेकिन जब परीक्षा समाप्त होने के बाद सुरजीत अपने पैसे वापस मांगने कॉलेज पहुंचा, तो वहां कथित रूप से एक शिक्षक ने पहले गाली-गलौज की और फिर उसके साथ मारपीट कर दी।

वीडियो में दिखा विवाद

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक कथित शिक्षक छात्र को डांटते, धमकाते और मारते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में शिक्षक जैसा दिख रहा शख्स यह कहते हुए सुनाई दे रहा है- “1400 बच्चों में तू ही स्पेशल है?” यह संवाद अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि छात्र के साथ आए उसके दोस्त ने ही यह वीडियो बनाया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।

बाइक रोकने का भी आरोप

छात्र सुरजीत ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद उसकी बाइक भी रोक ली गई। जब मामला ज्यादा बढ़ा, तो छात्र ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद छात्र को उसकी बाइक वापस मिली। इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और संबंधित शिक्षक की भूमिका को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।

कॉलेज प्रबंधन ने आरोपों से किया इनकार

मामले के तूल पकड़ने के बाद कॉलेज प्रबंधक सुखवीर सिंह ने छात्र द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि कॉलेज की छवि खराब करने के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं और नकल या पैसे की वसूली जैसी कोई बात नहीं हुई।

डीआईओएस ने लिया संज्ञान

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मामले के उछलने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया है। जानकारी के मुताबिक, संबंधित परीक्षा केंद्र को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अब शिक्षा विभाग इस मामले की जांच कर रहा है कि आखिर छात्रों से पैसे लेने, नकल का आश्वासन देने और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

यह मामला केवल एक छात्र की पिटाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर नकल माफिया, अवैध वसूली और छात्रों के शोषण जैसे गंभीर मुद्दे फिर से चर्चा में आ गए हैं। अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह शिक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा दाग साबित हो सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि शिक्षा विभाग, पुलिस और प्रशासन इस वायरल वीडियो के आधार पर क्या कार्रवाई करते हैं और छात्र को न्याय कब तक मिलता है।