‘मेरी नज़र से आगरा’ मुहिम शुरू, अब आपके कैमरे से दुनिया देखेगी ताज नगरी की असली खूबसूरती

आगरा जिला प्रशासन ने “मेरी नज़र से आगरा” ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता शुरू की है। इसके तहत नागरिक 20 जुलाई तक आगरा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक सुंदरता से जुड़ी अपनी मौलिक तस्वीरें भेज सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा और उनकी तस्वीरें जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित होंगी।

Jul 10, 2026 - 20:03
 0
‘मेरी नज़र से आगरा’ मुहिम शुरू, अब आपके कैमरे से दुनिया देखेगी ताज नगरी की असली खूबसूरती

आगरा। ताजमहल की भव्यता, बटेश्वर के मंदिरों की आस्था, चंबल के बीहड़ों की प्राकृतिक सुंदरता और शहर की जीवंत संस्कृति को नई पहचान देने के लिए जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल शुरू की है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के नेतृत्व में ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता “मेरी नज़र से आगरा” का शुभारंभ किया गया है। इस प्रतियोगिता के जरिए आगरा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक विरासत को आम लोगों की नजर से दुनिया के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

यह प्रतियोगिता केवल पेशेवर फोटोग्राफरों के लिए नहीं, बल्कि उन सभी नागरिकों के लिए खुली है, जो अपने कैमरे या मोबाइल में आगरा की खूबसूरती को कैद करने का शौक रखते हैं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है।

ताजमहल से बटेश्वर तक, हर तस्वीर सुनाएगी आगरा की कहानी

जिला प्रशासन की इस पहल के तहत प्रतिभागी आगरा शहर से लेकर फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, बाह-बटेश्वर और चंबल क्षेत्र तक के किसी भी हिस्से की तस्वीरें भेज सकते हैं। प्रतियोगिता में ऐतिहासिक इमारतों, धार्मिक स्थलों, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प, पर्व-त्योहार, जनजीवन, ग्रामीण परिवेश और प्राकृतिक सौंदर्य से जुड़ी तस्वीरों को शामिल किया जा सकता है।

प्रतिभागी ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, एतमाद-उद-दौला, सिकंदरा, बटेश्वर मंदिर और अन्य प्रसिद्ध स्थलों की तस्वीरों के साथ-साथ शहर की अनदेखी और अनसुनी कहानियों को भी कैमरे के जरिए सामने ला सकते हैं।

20 जुलाई तक भेज सकते हैं अपनी प्रविष्टियां

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को अपने द्वारा खींचे गए मौलिक छायाचित्र अधिकतम 30 शब्दों के विवरण (कैप्शन) के साथ upinfoagra01@gmail.com पर 20 जुलाई 2026 तक भेजने होंगे। फोटो के साथ प्रतिभागी का नाम, पता और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट या अन्य किसी स्रोत से ली गई तस्वीरें स्वीकार नहीं की जाएंगी।

सर्वश्रेष्ठ तस्वीरों को मिलेगा सम्मान

प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा चुनी गई तस्वीरों को फोटोग्राफर के नाम के साथ जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अर्थ यह होगा कि प्रतिभागी अपनी तस्वीरों के गैर-व्यावसायिक और जनहित में उपयोग की अनुमति जिला प्रशासन को देता है। हालांकि तस्वीरों का स्वामित्व पूरी तरह छायाकार के पास ही रहेगा।

‘आगरा सिर्फ ताजमहल नहीं, संस्कृति और परंपराओं का भी शहर’

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि आगरा केवल ताजमहल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर अपनी जीवंत संस्कृति, समृद्ध शिल्प, परंपराओं और विविधताओं के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि “मेरी नज़र से आगरा” प्रतियोगिता नागरिकों को अपने शहर को अपनी नजर से देखने और उसे दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक बेहतरीन अवसर देगी। उन्होंने विद्यार्थियों, फोटोग्राफरों और आम नागरिकों से इस अनूठी पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

फोटो प्रतियोगिता की प्रमुख शर्तें

छायाचित्र प्रतिभागी द्वारा स्वयं खींचा गया मौलिक फोटो होना चाहिए। इंटरनेट या अन्य स्रोतों से ली गई तस्वीरें स्वीकार नहीं होंगी। प्रत्येक फोटो के साथ अधिकतम 30 शब्दों का कैप्शन देना अनिवार्य है। प्रतिभागी का नाम, पता और मोबाइल नंबर भेजना जरूरी होगा। प्रविष्टियां 20 जुलाई 2026 तक ई-मेल upinfoagra01@gmail.com पर भेजी जा सकती हैं। चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा और उनकी तस्वीरें आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएंगी।