आगराः गढ़ी महासिंह खेड़ा के अमित हत्याकांड में दो और आरोपी दबोचे गये, फावड़ा बरामद

आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी महासिंह खेड़ा गांव में नाली के विवाद को लेकर हुई मारपीट में युवक अमित की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद किया है। इससे पहले इस सनसनीखेज हत्याकांड में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

Mar 7, 2026 - 22:10
 0
आगराः गढ़ी महासिंह खेड़ा के अमित हत्याकांड में दो और आरोपी दबोचे गये, फावड़ा बरामद
एत्मादपुर पुलिस द्वारा अमित हत्याकांड में गिरफ्तार दो अभियुक्त।

पुलिस के अनुसार गढ़ी महासिंह खेड़ा गांव में कुछ दिन पहले नाली को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और फावड़े से हमला शुरू हो गया। इस दौरान हमले में युवक अमित गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एत्मादपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देते हुए अभियुक्त जीतू और राहुल को मितावली रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस हत्याकांड में गंभीर और प्रमोद नामक दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

SP_Singh AURGURU Editor