जीएसटी अधिकारियों और व्यापारियों के मैत्री बैडमिंटन मैच में आगरा व्यापार मंडल बना चैंपियन, प्रशांत मंगल–संजीव गुप्ता की जोड़ी ने फाइनल में दिखाया दम

आगरा। मानस नगर स्थित श्रवण बैडमिंटन एकेडमी में जीएसटी विभाग और आगरा व्यापार मंडल के बीच आयोजित मैत्रीपूर्ण बैडमिंटन टूर्नामेंट खेल भावना, रोमांच और आपसी सौहार्द का शानदार उदाहरण बन गया। जोरदार मुकाबलों और कांटे की टक्कर के बीच आगरा व्यापार मंडल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट की चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली। खिलाड़ियों के दमदार खेल, दर्शकों के उत्साह और प्रशासन व व्यापारिक संगठनों की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।

May 27, 2026 - 21:37
 0
जीएसटी अधिकारियों और व्यापारियों के मैत्री बैडमिंटन मैच में आगरा व्यापार मंडल बना चैंपियन, प्रशांत मंगल–संजीव गुप्ता की जोड़ी ने फाइनल में दिखाया दम
जीएसटी विभाग और आगरा व्यापार मंडल के बीच आयोजित मैत्रीपूर्ण बैडमिंटन टूर्नामेंट की एक झलक।

फाइनल मुकाबले में आगरा व्यापार मंडल की ओर से प्रशांत मंगल और संजीव गुप्ता की जोड़ी ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए जीएसटी विभाग की टीम को 15-11 और 15-6 के स्कोर से शिकस्त दी। जीएसटी विभाग की ओर से एडिशनल कमिश्नर पंकज गांधी और उनके साथी खिलाड़ी ने मुकाबले में संघर्ष जरूर किया, लेकिन व्यापार मंडल की जोड़ी ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। निर्णायक मुकाबले में स्मैश, ड्रॉप और नेट प्ले ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

पूरे टूर्नामेंट में कुल 25 मुकाबले खेले गए, जिनमें हर मैच बेहद प्रतिस्पर्धात्मक और रोमांचक रहा। जीएसटी विभाग की टीम की कप्तानी एडिशनल कमिश्नर पंकज गांधी ने की, जबकि आगरा व्यापार मंडल की ओर से टीम का नेतृत्व विनोद सीतलानी ने संभाला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय देते हुए आयोजन को सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

यह मैत्रीपूर्ण प्रतियोगिता आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, जय पुरस्नानी तथा जीएसटी कमिश्नर ग्रेड-वन पंकज गांधी के प्रोत्साहन से आयोजित की गई। वरिष्ठ आयु वर्ग में होने के बावजूद टीएन अग्रवाल और पंकज गांधी स्वयं खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि खेल गतिविधियां केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यापारिक संगठनों और प्रशासनिक विभागों के बीच बेहतर तालमेल और सकारात्मक संबंध स्थापित करने का सशक्त जरिया हैं। ऐसे आयोजन समाज में ऊर्जा, सहयोग और सौहार्द का संदेश देते हैं।

वहीं जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर पंकज गांधी ने कहा कि खेल व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जीएसटी विभाग और व्यापार मंडल के बीच इस प्रकार के मैत्रीपूर्ण आयोजन जारी रहेंगे।

आगरा व्यापार मंडल की टीम में एक्मा, शहीद भगत सिंह पेठा कुटीर एसोसिएशन, आगरा फार्मा एसोसिएशन, ब्रश एंड क्लीनिंग प्रोडक्ट एसोसिएशन, लुहार गली व्यापार समिति, आगरा प्लास्टिक एसोसिएशन, आगरा मार्बल एंड सैनिटरी वेयर्स एसोसिएशन, ताज रोड व्यापार समिति, दरेसी नं. 1 व्यापार मंडल, श्री मोतीगंज खाद व्यापार समिति तथा आगरा सोल एंड शू कंपोनेंट एसोसिएशन सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के खिलाड़ियों ने सहभागिता की।

जीएसटी विभाग की ओर से पंकज गांधी, अखंड प्रताप सिंह, एम.के. सिंह, अनुराग चौधरी, ए.के. मिश्रा, अवन कुमार, अरुण यादव, सुनील कुमार, शिवम यादव, शिवांश यादव और शेखर सिंह यादव सहित 14 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि आगरा व्यापार मंडल की ओर से 22 खिलाड़ी मैदान में उतरे।

दर्शक दीर्घा में भी पूरे समय उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। महामंत्री अशोक मंगवानी, संगठन महामंत्री राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, भगवान दास बंसल, एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 अंजनी अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, संदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, राजेश सिंघल, संजय अग्रवाल, साहूकार सिंह चाहर, दुष्यंत गर्ग सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

SP_Singh AURGURU Editor