आगरा व्यापार मंडल के इस बार के रक्तदान शिविर में 1500 यूनिट का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी, 16 अगस्त को लगेगा चौथा शिविर, 90 से अधिक व्यापारिक संस्थाएं जुटीं अभियान में

आगरा। आगरा व्यापार मंडल ने इस वर्ष 16 अगस्त को आयोजित होने वाले अपने चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर के माध्यम से नया कीर्तिमान बनाने का लक्ष्य तय किया है। पिछले वर्ष 1500 यूनिट रक्त संग्रह का रिकॉर्ड बनाने वाले संगठन ने इस बार अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को कमला नगर स्थित होटल टेम्पटेशन में आयोजित कार्यक्रम में रक्तदान शिविर के पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। यह विशाल रक्तदान शिविर 16 अगस्त को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, चिम्मन चौराहा पर आयोजित होगा।

Jun 20, 2026 - 21:37
 0
आगरा व्यापार मंडल के इस बार के रक्तदान शिविर में 1500 यूनिट का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी, 16 अगस्त को लगेगा चौथा शिविर, 90 से अधिक व्यापारिक संस्थाएं जुटीं अभियान में
कमला नगर स्थित होटल टेम्पटेशन में रविवार को आगरा व्यापार मंडल के चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर के पोस्टर का विमोचन करते मुख्य अतिथि डॉ. प्रशांत गुप्ता, विशिष्ट अतिथि अखिलेश अग्रवाल, अध्यक्ष टीएन अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारी।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि अखिलेश अग्रवाल, महामंत्री, लोकहितम ब्लड बैंक रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रक्तदान शिविर में 1500 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया था। इस वर्ष संगठन अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में लोकहितम ब्लड बैंक सहयोगी संस्था के रूप में भागीदारी करेगा।

टीएन अग्रवाल ने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व व्यापार मंडल के एक सदस्य को तत्काल रक्त की आवश्यकता थी, लेकिन समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण एक दुखद घटना हुई। उसी दिन संगठन ने संकल्प लिया कि आगरा शहर में रक्त की कमी से किसी की जान नहीं जाने दी जाएगी। इसी उद्देश्य से लगातार विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

महामंत्री अशोक मंगवानी ने बताया कि इस अभियान में शहर की 90 से अधिक व्यापारिक संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए विभिन्न बाजारों एवं व्यापारिक क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक व्यापारी, दुकानदार और नागरिक रक्तदान के लिए आगे आएं।

संगठन मंत्री राकेश बंसल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से व्यापारिक संगठनों के सहयोग से यह रक्तदान शिविर लगातार आयोजित किया जा रहा है और हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी व्यापारी वर्ग और आम नागरिकों के सहयोग से रक्तदान का नया रिकॉर्ड बनाया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार गुप्ता ने किया।

रक्तदान शिविर के संयोजक संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, बृजमोहन रैपुरिया, राजेश सिंघल, योगेश रखवानी एवं राजीव कुमार गुप्ता हैं, जबकि सह-संयोजक महावीर प्रसाद मंगल, मनोज भाटिया, अनूप बंसल एवं नितिन अग्रवाल बनाए गए हैं।

इस अवसर पर भगवान दास बंसल, देवेंद्र अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, साहूकार सिंह चाहर, दुष्यंत गर्ग, राजेश सिंघल, जय प्रकाश अग्रवाल, सुरेश बरेजा सहित अनेक व्यापारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor