आगरा में माता-पिता की डांट से आहत युवती ने फतेहपुर सीकरी के शाही तालाब में लगाई छलांग, लोगों और पुलिस की तत्परता से बची जान, प्रभारी निरीक्षक ने खुद अस्पताल पहुंचाया
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। ऐतिहासिक नगरी फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय युवती ने माता-पिता की डांट से आहत होकर ग्वालियर गेट स्थित प्राचीन शाही तालाब में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर दिया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की तत्परता से युवती की जान बच गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह ने स्वयं युवती को सरकारी मोबाइल गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाकर उसका उपचार कराया तथा परिजनों को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की सूझबूझ से बची जान
घटना शुक्रवार लगभग दोपहर 1 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय युवती फतेहपुर सीकरी, माता-पिता की डांट से व्यथित होकर ग्वालियर गेट स्थित प्राचीन शाही तालाब तक पहुंच गई और अचानक उसमें छलांग लगा दी। तालाब के आसपास मौजूद लोगों ने युवती को कूदते देख तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तालाब से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
नमाज के दौरान गश्त पर थे प्रभारी निरीक्षक
प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह ने बताया कि जुम्मे की नमाज को देखते हुए थाना पुलिस की मोबाइल टीम संतोष नगर स्थित मस्जिद के पास गश्त कर रही थी। उसी दौरान सूचना मिली कि एक युवती ने शाही तालाब में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया है।
सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की सहायता से युवती को तालाब से बाहर निकालकर तत्काल सरकारी मोबाइल गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। इसके बाद परिवार के लोगों को सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया।
गृह क्लेश के चलते उठाया कदम
प्रारंभिक पूछताछ में मामला घरेलू तनाव का सामने आया है। पुलिस के अनुसार युवती को उसके माता-पिता ने किसी बात पर समझाया और डांटा था, जिससे वह आहत हो गई और आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। प्राथमिक उपचार के बाद युवती को समझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है। पुलिस ने परिवार के सदस्यों की काउंसलिंग भी की और बच्चों को प्रेमपूर्वक समझाने की सलाह दी।
तालाब पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की पहल
प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह ने बताया कि यह तालाब काफी गहरा है और अपेक्षाकृत निर्जन स्थान पर होने के कारण कई बार लोग यहां आत्महत्या का प्रयास कर चुके हैं। शुक्रवार सुबह ही इसी तालाब से अमन नामक युवक का शव निकालकर परिजनों को सौंपा गया था।
पूर्व वर्षों में भी दो व्यापारियों ने इसी तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इस स्थिति को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक ने नगर पालिका परिषद फतेहपुर सीकरी के अध्यक्ष तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर तालाब के चारों ओर ऊंची जाली लगाकर इसे सुरक्षित करने की मांग की है।
परिवार ने बताया भूत-प्रेत का साया
युवती के माता-पिता ने पुलिस को बताया कि परिवार को लंबे समय से घर में भूत-प्रेत के साये का संदेह है। इस कारण वे कई स्थानों पर तांत्रिकों, बाबाओं और तथाकथित सिद्ध पुरुषों से इलाज भी करा चुके हैं। परिवार का कहना है कि कुछ समय पहले बदायूं में भी इलाज कराया गया था, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। वहीं युवती का कहना है कि उसे होश ही नहीं है कि वह तालाब तक कैसे पहुंच गई।
ऐतिहासिक और गहरा है शाही तालाब
ग्वालियर गेट के पास स्थित यह शाही तालाब ऐतिहासिक महत्व का है। नगर पालिका परिषद फतेहपुर सीकरी द्वारा इस तालाब का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त न होने के कारण यह स्थान कई बार आत्महत्या की घटनाओं का केंद्र बन चुका है।