आगरा की सीडीओ ने स्कूल रेडीनेस मेले में परखी नन्हों की प्रतिभा, कौशलपुर-2 आंगनबाड़ी केंद्र पर खेल-खेल में मजबूत हुई बच्चों की बुनियाद
आगरा। प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत आधार देने और बच्चों को विद्यालय प्रवेश से पहले मानसिक, भाषाई एवं व्यवहारिक रूप से तैयार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को बाल विकास परियोजना आगरा शहर के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र कौशलपुर-2 पर भव्य स्कूल रेडीनेस मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह ने की। मेले में बच्चों, अभिभावकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
खेल-आधारित गतिविधियों से परखी गई बच्चों की क्षमता
मेले के दौरान बच्चों के साथ शारीरिक, भाषा, गणितीय, संज्ञानात्मक तथा खेल आधारित विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की सीखने की प्रगति का अवलोकन एवं मूल्यांकन किया गया। बच्चों के प्रोग्रेस रिपोर्ट कार्ड और स्कूल रेडीनेस से जुड़े प्रमुख संकेतकों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह ने स्वयं विभिन्न गतिविधियों और स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बच्चों के अभिभावकों से संवाद कर उनकी सीखने की क्षमता और विकास प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
माताओं से पोर्टफोलियो पर की विशेष चर्चा
कार्यक्रम के दौरान सीडीओ प्रतिभा सिंह ने विशेष रूप से बच्चों के पोर्टफोलियो को लेकर माताओं से चर्चा की। उन्होंने अभिभावकों को बताया कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और नियमित संवाद तथा गतिविधियों से बच्चों की सीखने की क्षमता तेजी से विकसित होती है।
सीडीओ ने खुद गतिविधियों में लिया हिस्सा
मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न गतिविधियों में स्वयं भाग लेते हुए बच्चों और अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों के साथ संवाद कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाया गया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने फीडबैक चार्ट पर अपनी टिप्पणी अंकित कर आयोजन की सराहना की।
हर आंगनबाड़ी केंद्र पर हो रहा आयोजन
अधिकारियों के अनुसार स्कूल रेडीनेस मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विद्यालय में प्रवेश से पहले सीखने के लिए तैयार करना तथा अभिभावकों और समुदाय को प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना है। यह आयोजन जनपद आगरा के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया जा रहा है।
यह मेला बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा प्रथम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।