आगरा की बेटी ने रचा इतिहास: बिना कोचिंग पहले प्रयास में यूपीएससी फतह, इंजीनियर से बनी सिविल सेवा की नई पहचान

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में आगरा की तनीषा ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर शहर का नाम रोशन कर दिया है। खास बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के घर से ऑनलाइन पढ़ाई करते हुए यह कठिन परीक्षा पास की। परिणाम घोषित होते ही परिवार और पूरी कॉलोनी में खुशी की लहर दौड़ गई।

Mar 6, 2026 - 22:29
 0
आगरा की बेटी ने रचा इतिहास: बिना कोचिंग पहले प्रयास में यूपीएससी फतह, इंजीनियर से बनी सिविल सेवा की नई पहचान
अपने परिजनों के साथ तनीषा।

Bottom of Form

Top of Form

Bottom of Form

आगरा। शहर के दहतोरा रोड स्थित बृज द्वारिका कॉलोनी की रहने वाली तनीषा का चयन यूपीएससी (सिविल सर्विसेज) एग्जामिनेशन में हो गया है। तनीषा ने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे आगरा को गौरवान्वित किया है।

तनीषा के पिता हीरा सिंह राजस्व विभाग में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। घर में शुरू से ही सरकारी सेवा का माहौल रहा, जिसने तनीषा को भी प्रशासनिक सेवा में जाने की प्रेरणा दी। परिवार के समर्थन और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

पढ़ाई में शुरू से ही रही अव्वल

तनीषा पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रही हैं। उन्होंने दसवीं कक्षा में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि बारहवीं कक्षा में 95 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने पीसीएम विषयों से इंटरमीडिएट करने के बाद इंजीनियरिंग की राह चुनी।

इंटरमीडिएट के बाद तनीषा ने कानपुर स्थित एसबीटीआई संस्थान से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के बाद उनका चयन रिलायंस इंडस्ट्रीज में प्रोसेस इंजीनियर के रूप में हुआ। कुछ समय तक कॉरपोरेट क्षेत्र में काम करने के बाद उनके मन में देश सेवा और प्रशासनिक क्षेत्र में योगदान देने की इच्छा प्रबल हुई।

नौकरी के साथ शुरू की सिविल सेवा की तैयारी

नौकरी के दौरान ही तनीषा ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी का निर्णय लिया। उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान का सहारा लेने के बजाय घर से ऑनलाइन अध्ययन और स्वाध्याय के माध्यम से तैयारी की। लगातार मेहनत और अनुशासन के बल पर उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास कर लिया।

जैसे ही परीक्षा परिणाम घोषित हुआ और तनीषा के चयन की खबर सामने आई, परिवार के साथ-साथ बृज द्वारिका कॉलोनी में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, पड़ोसियों और परिचितों ने तनीषा को बधाई देते हुए उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor