20 मई को खुलेंगी आगरा की दवा दुकानें, केमिस्ट एसोसिएशन ने थोपी गई बंदी का किया विरोध
आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन ने 20 मई को प्रस्तावित दवा बाजार बंदी का विरोध करते हुए सभी मेडिकल स्टोर और दवा प्रतिष्ठान खुले रखने का ऐलान किया है। व्यापारियों ने बाजार में तख्तियां और पंपलेट के जरिए संदेश दिया कि मरीजों को दवा की कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही कुछ व्यापारियों को ड्रग इंस्पेक्टर का डर दिखाने के आरोप भी लगाए गए, जिस पर ड्रग विभाग ने शिकायत मिलने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
आगरा। आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन पंजीकृत आगरा के थोक और रिटेल दवा व्यापारियों ने 20 मई 2026 को प्रस्तावित बंदी का खुलकर विरोध करते हुए ऐलान किया है कि शहर की दवा दुकानें और मेडिकल प्रतिष्ठान तय समयानुसार खुले रहेंगे। व्यापारियों ने हाथों में “20 तारीख को हम अपनी दुकान खोलेंगे” लिखी तख्तियां लेकर पूरे थोक दवा बाजार में भ्रमण किया और सभी दवा कारोबारियों को बंदी के विरोध का संदेश दिया।
व्यापारियों ने कहा कि एक दिन की थोपी हुई बंदी से बड़ा आर्थिक नुकसान होता है, जिसे कोई भी व्यापारी वहन नहीं करना चाहता। साथ ही दवा व्यापार केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि मरीजों की सेवा का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराना उनका धर्म है और वे अपने कर्म के साथ-साथ इस धर्म का भी पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगे।
बाजार में निकाला जागरूकता अभियान
दवा व्यापारियों ने पूरे बाजार में घूमकर प्रत्येक दुकान पर पंपलेट वितरित किए, जिन पर “20 मई 2026, बुधवार को हमारा प्रतिष्ठान खुला रहेगा” का संदेश लिखा था। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी मरीज को दवा की कमी नहीं होने दी जाएगी और दवाओं की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रहेगी। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि सभी व्यापारी 20 मई को अपने प्रतिष्ठान सामान्य समयानुसार खोलेंगे और मरीजों की सेवा जारी रखेंगे।
ड्रग इंस्पेक्टर से डराने वालों पर होगी कार्रवाई
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदारों को यह कहकर डराया जा रहा है कि यदि उन्होंने प्रतिष्ठान बंद नहीं किए तो उनके यहां ड्रग इंस्पेक्टर भेजे जाएंगे। इस पर आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे मामलों की शिकायत सीधे ड्रग विभाग में की जाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि संस्था की ओर से भी इस विषय में ड्रग विभाग को अवगत करा दिया गया है। विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि दवा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आती है और यदि किसी व्यापारी को डराया या धमकाया जाता है तो लिखित शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों ने दिया सेवा का संदेश
व्यापारियों ने कहा कि दवा बाजार बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों और उनके परिजनों को होती है। इसलिए मानवता और सेवा भाव को प्राथमिकता देते हुए दवा कारोबारियों ने बाजार खुला रखने का निर्णय लिया है।
ये व्यापारी रहे मौजूद
इस दौरान अशोक खंडोली फार्मा, सोनू मेडिकल, अल्ताफिया दवा खाना, मनु फार्मा, काशी मेडिकल, गोवर्धन फार्मा, तनेजा मेडिकल, कृष्णा फार्मा, पंजवानी डिस्ट्रीब्यूटर्स, पंडित ब्रदर्स, इंडियन मेडिकल, बांके बिहारी मेडिकल, सर्जिकल सेंटर, अश्वनी मेडिकोज, अलका सर्जिकल, श्री राधे फार्मा, रूबल मेडिकल, डॉक्टर फार्मा, वृंदावन फार्मा, अनुपम केमिस्ट, परिधि एजेंसी, मंगला मेडिको, विमला मेडिकल, अनुपम मेडिकल, शिवपार्वती फार्मा,
रिलायंस केमिस्ट सहित बड़ी संख्या में दवा व्यापारी मौजूद रहे। साथ ही चेयरमैन संजय चौरसिया, अध्यक्ष आशीष शर्मा और महामंत्री अश्वनी श्रीवास्तव भी शामिल रहे।