आगरा के लोहा व्यापारियों ने उठाई नई मंडी की मांग, होली मिलन समारोह में कारोबार की मंदी पर मंथन

आगरा लोहा व्यापारी एसोसिएशन की ओर से प्रताप नगर स्थित बुर्जीवाला मंदिर में होली मिलन समारोह के साथ साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोहे के कारोबार में मंदी, ऑनलाइन ट्रेडिंग से प्रभावित व्यापार और मौजूदा लोहा मंडी की भीड़भाड़ जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगरा में ऐसी नई लोहा मंडी स्थापित करने की मांग की, जहां भारी वाहनों की आवाजाही सुगम हो। समारोह में वृंदावन की राधा-कृष्ण फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के अंत में करीब 35 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया।

Mar 15, 2026 - 20:44
 0
आगरा के लोहा व्यापारियों ने उठाई नई मंडी की मांग, होली मिलन समारोह में कारोबार की मंदी पर मंथन
आगरा लोहा व्यापारी एसोसिएशन के होली मिलन समारोह में मौजूद संस्था के पदाधिकारी।

ऑनलाइन ट्रेडिंग से प्रभावित व्यापार, भीड़भाड़ वाली मौजूदा मंडी से बड़े व्यापारी बना रहे दूरी, मुख्यमंत्री योगी से नई लोहामंडी की मांग

आगरा। आगरा लोहा व्यापारी एसोसिएशन की ओर से प्रताप नगर स्थित बुर्जीवाला मंदिर पर होली मिलन समारोह के अवसर साधारण सभा की बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि व्यापारियों ने लोहे के कारोबार में वर्तमान में आ रही समस्याओं  पर चर्चा की। जिसमें  लोहे के व्यापार में आ रही मंदी तथा ऑनलाइन ट्रेडिंग से प्रभावित होते व्यापार पर मंथन किया गया।

महामंत्री दिनेश अग्रवाल कहा कि लोहामंडी अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित होने के कारण बड़े व्यापारी यहां आने से कतराते हैं। एसोसिएशन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आगरा में ऐसी नई लोहा मंडी स्थापित करने की मांग करती है, जहां  भारी वाहनों के आवागमन में कोई असुविधा न हो। 

कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गोयल ने बताया कि होली मिलन समारोह में शहरभर से लोहा व्यापारियों के परिवारों ने कार्यक्रम में शिरकत की। वृंदावन की रास मंडली की राधा कृष्ण की फूलों  की होली समारोह के आकर्षण का केंद्र रही। सभी व्यापारियों का स्वागत माथे पर चंदन व पटका पहना कर किया। समापन पर लगभग 35 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान और बैठक में वार्षिक कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। 

इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेन्द्र मंगल, अंजुल जैन, संजय गोयल, आशीष अग्रवाल, मोहित गोयल, सिद्धार्थ जैन, गिरीश मंगल, विपुल जैन, मनोज जैन, पदम अग्रवाल, पवन गोयल, रामसेवक गोस्वामी, उमेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, शिवम् अग्रवाल, गिरीश गर्ग आदि मौजूद रहे।