आगरा की श्री रामलीला कमेटी ने क्षेत्र बजाजा नेत्रालय को भेंट की अत्याधुनिक 'पैक स्कैन 300 प्लस' मशीन

आगरा। नगर की प्रतिष्ठित श्रीरामलीला कमेटी ने समाजसेवा की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रविवार को श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी द्वारा संचालित आगरा बुलियन चैरिटेबल आई हॉस्पिटल को अत्याधुनिक 'पैक स्कैन 300 प्लस' मशीन दान स्वरूप भेंट की। मोतीलाल नेहरू रोड स्थित नेत्रालय में आयोजित गरिमामयी समारोह में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों और समाजसेवियों ने इस पहल को नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ा योगदान बताया। इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने नई पीढ़ी से समाजसेवा को जीवन का उद्देश्य बनाने का आह्वान किया।

Jun 21, 2026 - 20:20
 0
आगरा की श्री रामलीला कमेटी ने क्षेत्र बजाजा नेत्रालय को भेंट की अत्याधुनिक 'पैक स्कैन 300 प्लस' मशीन
श्री रामलीला कमेटी द्वारा श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के आगरा बुलियन चैरिटेबल आई हॉस्पिटल को पैक स्कैन 300 प्लस मशीन भेंट किए जाने के मौके पर मौजूद उद्यमी डॊ. रंजना बंसल, विधायक एवं रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल एवं अन्य पदाधिकारी।

नेत्र चिकित्सा को मिलेगा अत्याधुनिक तकनीक का लाभ

समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. रंजना बंसल ने कहा कि श्रीरामलीला कमेटी केवल भव्य रामलीला आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में भी लगातार अनुकरणीय कार्य कर रही है। उन्होंने कमेटी के प्रमुख पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और इस सेवा कार्य की सराहना की।

उद्योग जगत ने भी बढ़ाया सहयोग का हाथ

विशिष्ट अतिथि आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्ट चैंबर (एफमैक) के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने रामलीला कमेटी और क्षेत्र बजाजा कमेटी के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं प्रमुख समाजसेवी उपकार प्रकाशन के नरेश जैन ने नेत्रालय के लिए चार एयरकंडीशनर उपलब्ध कराने की घोषणा की।

नई पीढ़ी को समाजसेवा से जोड़ना समय की आवश्यकता

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि समाज की उन्नति के लिए युवा पीढ़ी को सेवा कार्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शहर में शीघ्र ही बुजुर्गों के लिए एक विशाल हॉल तैयार किया जाएगा, जहां उनके समय व्यतीत करने और सामाजिक सहभागिता के विभिन्न साधन उपलब्ध रहेंगे।

मोतियाबिंद ऑपरेशन में मिलेगी अधिक सटीकता

रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि 'पैक स्कैन 300 प्लस' एक आधुनिक डिजिटल बायोमेट्रिक नेत्र जांच मशीन है, जिसका उपयोग विशेष रूप से मोतियाबिंद ऑपरेशन से पूर्व आंखों की सटीक माप लेने में किया जाता है। इससे शल्य चिकित्सा की तैयारी अधिक वैज्ञानिक और सफल होगी।

अतिथियों का हुआ सम्मान

समारोह के प्रारंभ में श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल, महामंत्री राजीव अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष ताराचंद गोयल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल एवं अशोक गोयल ने क्षेत्र बजाजा कमेटी के इतिहास तथा वर्षों से संचालित सेवा कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

रामलीला कमेटी की ओर से राम हनुमान मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जगदीश बागला ने नेत्रालय की चिकित्सा प्रभारी डॉ. प्रतिभा बंसल का स्वागत किया। कोषाध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष भगवान दास बंसल ने डॉ. रंजना बंसल और गोपाल गुप्ता का स्वागत किया। वहीं क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल एवं महामंत्री राजीव अग्रवाल ने विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

बड़ी संख्या में समाजसेवी रहे उपस्थित

समारोह में रामलीला कमेटी के संरक्षक शांतिस्वरूप गोयल, संतोष शर्मा, विजय अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, विजय गोयल, विनोद जौहरी, मुकेश जौहरी, राकेश जैन, टी.एन. अग्रवाल, रामांशु शर्मा, महेश अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, ऋतिक जौहरी, प्रसून मंगल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, विकास अग्रवाल सहित क्षेत्र बजाजा कमेटी के हॉस्पिटल प्रभारी संजय अग्रवाल, विष्णु गर्ग, डॉ. सुरेश गोयल,  नंद किशोर गोयल एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor