कोलंबो में आगरा का डंका: आगरा के कुलदीप ठाकुर टोल सेवाओं में नवाचार और रोहित जैन रियल एस्टेट में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित
आगरा। शहर के उद्योग और कारोबारी जगत के लिए गर्व का क्षण उस समय बना जब श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित भारत-श्रीलंका ग्लोबल इनोवेशन लीडरशिप समिट में एसकेएम टोलवेज ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर कुलदीप ठाकुर और अहिंसा ग्रुप के रोहित जैन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान श्रीलंका के पश्चिमी प्रांत के गवर्नर एवं राष्ट्रपति के विशेष दूत हनीफ युसूफ द्वारा प्रदान किया गया।
समिट में कुलदीप ठाकुर को टोल सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर नवाचार के लिए सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान प्राप्त करने के बाद कुलदीप ठाकुर ने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसकेएम टोलवेज ग्रुप इसी ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता के साथ देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
कुलदीप ठाकुर इससे पहले भी कई वैश्विक मंचों पर सम्मानित हो चुके हैं। लंदन के प्रतिष्ठित हाउस ऑफ लॉर्ड्स में उन्हें सम्मान मिल चुका है। इसके अलावा दुबई, मलेशिया और वियतनाम जैसे देशों में भी उनके कार्यों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। भारत में भी उन्हें अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। फिल्म जगत के अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री रिमी सेन और कायनात अरोरा सहित कई चर्चित हस्तियों द्वारा भी उन्हें पूर्व में सम्मानित किया जा चुका है।
वहीं अहिंसा ग्रुप के रोहित जैन को रियल एस्टेट क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और नवाचार के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद रोहित जैन ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी पूरी टीम के समर्पण, ग्राहकों के विश्वास और लगातार बेहतर कार्य करने की सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी अहिंसा ग्रुप गुणवत्ता और विश्वास के साथ अपने कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।