दूरदर्शन के मंच पर गूंजी आगरा की आवाज, 'वंस मोर सीजन-4' में चेतना शर्मा और कुमार ललित ने बिखेरा काव्य का जादू

आगरा। दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय कार्यक्रम 'वंस मोर सीजन-4' में इस बार आगरा की साहित्यिक प्रतिभा ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। शहर की कवयित्री श्रीमती चेतना शर्मा और उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान से सम्मानित कवि कुमार ललित ने अपने काव्य-पाठ से दर्शकों और मंच पर मौजूद देश के नामचीन कवियों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का प्रसारण 20 जुलाई को शाम 7:30 बजे डीडी उत्तर प्रदेश पर किया जाएगा।

Jul 17, 2026 - 12:24
 0
दूरदर्शन के मंच पर गूंजी आगरा की आवाज, 'वंस मोर सीजन-4' में चेतना शर्मा और कुमार ललित ने बिखेरा काव्य का जादू
दूरदर्शन के 'वंस मोर सीजन-4' में आगरा की कवयित्री चेतना शर्मा और कवि कुमार ललित व अन्य कविगण। 

दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के चर्चित कार्यक्रम 'वंस मोर सीजन-4' में लखनऊ, मेरठ और शाहजहाँपुर के साथ आगरा के दो रचनाकारों ने भी अपनी साहित्यिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित कवि सम्मेलन में आगरा की कवयित्री श्रीमती चेतना शर्मा तथा कवि कुमार ललित को काव्य-पाठ का अवसर मिला।

कार्यक्रम का निर्देशन और संयोजन राम शब्द बेनूर ने किया, जबकि मंच संचालन देश के प्रसिद्ध हास्य कवि 'स्माइल मैन' डॉ. सर्वेश अस्थाना ने अपने विशिष्ट अंदाज में किया। उनके सधे हुए संचालन ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।

काव्य-पाठ के दौरान कुमार ललित ने अपने प्रभावशाली दोहों के बाद एक भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित साहित्य प्रेमियों और कवियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीत की पंक्तियां—

"सृष्टि का विज्ञान साँसों की सतत आराधना है,
जिंदगी बस हाथ में जल रोकने की साधना है..."

—श्रोताओं की विशेष सराहना का केंद्र रहीं।

कार्यक्रम में मेरठ के विख्यात कवि सौरभ जैन 'सुमन' और शाहजहाँपुर के डॉ. इंदु अजनबी ने भी अपने काव्य-पाठ से समां बांधा। सभी रचनाकारों की प्रस्तुतियों को उपस्थित साहित्यकारों और दर्शकों ने खूब सराहा।

आयोजकों के अनुसार 'वंस मोर सीजन-4' का यह विशेष कवि सम्मेलन 20 जुलाई (सोमवार) को शाम 7:30 बजे केवल दूरदर्शन उत्तर प्रदेश (डीडी यूपी) पर प्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रसारण को लेकर आगरा के साहित्य प्रेमियों और कवि जगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Top of Form

Bottom of Form



SP_Singh AURGURU Editor