अग्रवाल महासभा ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों के साथ मनाया स्थापना दिवस, 31 दीपक जलाए और समाज की एकजुटता का दिया संदेश
आगरा। अग्रवाल महासभा आगरा ने अपने 31वें स्थापना दिवस को भव्य और प्रेरणादायी रूप में मनाते हुए समाज को एकजुटता का संदेश दिया। मदिया कटरा तिराहा स्थित महाराजा अग्रसेन प्रतिमा पर आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक प्रतिबद्धता का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, महामंत्री सत्येन्द्र कुमार अग्रवाल और कोषाध्यक्ष विष्णु बिहारी गोयल सहित सभी पदाधिकारियों ने स्मारक स्थल पर 31 दीप जलाकर स्थापना दिवस को प्रतीकात्मक रूप से मनाया। कार्यक्रम स्थल पर विशेष लाइटिंग और साउंड व्यवस्था ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1996 में स्थापित महासभा आज 31 वर्षों का गौरवशाली सफर पूरा कर चुकी है। यह यात्रा समाज के सहयोग और महाराजा अग्रसेन के ‘एक ईंट-एक रुपया’ जैसे आदर्शों पर आधारित रही है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्ष में महासभा विशेष सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक समाजबंधुओं को जोड़ने का प्रयास करेगी तथा शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक एकता के क्षेत्र में कार्य और तेज किए जाएंगे।
महामंत्री सत्येन्द्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि 31 वर्षों की यह उपलब्धि समाज के अटूट विश्वास और सहयोग का परिणाम है। महासभा का लक्ष्य महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि समाज में सहयोग और समरसता की भावना मजबूत हो सके।
कोषाध्यक्ष विष्णु बिहारी गोयल ने कहा कि समाज के आर्थिक सहयोग से ही महासभा सेवा कार्यों को निरंतर गति दे पाई है और भविष्य में भी यह कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में संयोजक संजय अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक गणेश कुमार बंसल, अम्बुज अग्रवाल, तनुज गर्ग सहित अनेक समाजबंधुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान महाराजा अग्रसेन के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम को पूर्णता दी गई। अंत में महामंत्री सत्येन्द्र कुमार अग्रवाल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सुरेश चंद गर्ग, कामता प्रसाद अग्रवाल, बीडी अग्रवाल, रामरतन सिंघल, विनोद अग्रवाल, विनय अग्रवाल, सुरेश चंद अग्रवाल, शंकर बंसल, सीताराम अग्रवाल, महेन्द्र कंसल, कुलदीप कंसल, अशोक अग्रवाल (अंबा), देवेन्द्र अग्रवाल, डॉ. मंजू बंसल, डॉ. सुरेश चंद अग्रवाल, उषा फतेहपुर अग्रवाल, अशोक कुमार गोयल, सुशील अग्रवाल, ऊषा बंसल, वीरेंद्र गोयल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।