तमिलनाडु में बंट सकती है अद्रमुक,  विजय ने डाली दरार, टूट सकते हैं  30 विधायक

तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके को सबसे ज्यादा सीटें मिलने के बाद राज्य में सियासी हलचल बढ़ी हुई है। विजय को समर्थन देने को लेकर अद्रमुक में दो फाड़ हो सकती है।

May 6, 2026 - 11:42
 0
तमिलनाडु में बंट सकती है अद्रमुक,  विजय ने डाली दरार, टूट सकते हैं  30 विधायक

चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। विधानसभा चुनाव में एक्टर से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके 108 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। टीवीके को समर्थन देने के लिए राजनीतिक दल सियासी गुणा-गणित सेट करने में जुटे हैं। इसी क्रम में एआईएडीएमके के भीतर से बड़ी हलचल सामने आई है। पार्टी की आज (6 मई) होने वाली विधायक दल की बैठक टल गई है। पार्टी के 47 विधायकों में से ज्यादातर टीवीके को सपोर्ट करने की मांग कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के 47 विधायकों ने अप्रत्यक्ष तौर पर पूर्व सीएम और पार्टी के सीनियर लीडर एडप्पाडी को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने जल्द फैसला नहीं लिया तो 30 से ज्यादा एमएलए पार्टी तोड़कर विजय को सपोर्ट कर देंगे। इस बगावत का नेतृत्व षणमुगम कर रहे हैं। ऐसी खबर मिल रही है कि उनके घर पर कुछ देर में एआईएडीएमके विधायक पहुंच सकते हैं।

एआईएडीएमके के नवनिर्वाचित विधायकों की बुधवार (6 मई) को चेन्नई में बैठक होनी थी, लेकिन ऐन मौके पर यह टल गई। पार्टी का एक धड़ा विजय की पार्टी टीवीके को कम से कम एक साल के लिए बाहर से समर्थन देने के पक्ष में है। यह स्थिति इसलिए अहम है क्योंकि टीवीके राज्य विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से पीछे है। तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटें जरूरी हैं, जबकि टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं।

टीवीके ने अकेले चुनाव लड़ा था, इसलिए अब डीएमके और एआईएडीएमके दोनों खेमों की पार्टियों से बातचीत तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, डीएमके गठबंधन की सहयोगी कांग्रेस, जिसने पांच सीटें जीती हैं, विजय को समर्थन देने के लिए ज्यादा इच्छुक मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी का विजय को फोन कर बधाई देना भी संभावित सहयोग के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

एआईएडीएमके गठबंधन की सहयोगी पीएमके ने चार सीटें जीती हैं। वह भी समर्थन देने के लिए तैयार दिख रही है। जल्द ही पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास और विजय की मुलाकात होने की चर्चा है।