अखिलेश यादव के जन्मदिन पर रक्तदान, विधवा आश्रम में सम्मान और वृक्षारोपण के जरिए सपा ने दिया सेवा का संदेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस पर आगरा में राजनीतिक कार्यक्रमों की बजाय सेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई। समाजवादी पार्टी महानगर इकाई ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, विधवा आश्रम में सम्मान समारोह, फल-साड़ी वितरण और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित कर मानवता, सामाजिक न्याय और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस पर बुधवार को आगरा महानगर में सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर के अलग-अलग स्थानों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाए गए, वहीं छीली ईंट रोड स्थित विधवा आश्रम में महिलाओं का सम्मान कर उन्हें साड़ियां, फल, मिठाई और पौधे भेंट किए गए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण भी किया गया।
विधवा आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास की उपस्थिति में केक काटकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिवस मनाया गया। इसके बाद आश्रम में रह रही महिलाओं को सम्मानित करते हुए उन्हें साड़ियां, फल, मिठाई और पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन समाजवादी पार्टी महानगर उपाध्यक्ष प्रमोद यादव के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर शब्बीर अब्बास ने कहा कि समाजवादी पार्टी की पहचान केवल सत्ता की राजनीति नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और सामाजिक न्याय है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का जन्मदिवस जनसेवा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है, इसलिए पार्टी कार्यकर्ता इसे जरूरतमंदों की सेवा करके मना रहे हैं।
इसी क्रम में समर्पण ब्लड बैंक, देहली गेट तथा लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर बाईपास में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। दोनों शिविरों का उद्घाटन शब्बीर अब्बास ने फीता काटकर किया।
रक्तदान शिविरों में बड़ी संख्या में युवाओं और समाजवादी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। कार्यक्रमों में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विनय अग्रवाल, क्षेत्र अध्यक्ष सतीश चाहर, समाजवादी छात्र सभा महानगर अध्यक्ष अमित प्रताप यादव, राहुल चतुर बेदी, महानगर महासचिव पुष्पेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।