अक्षय तृतीया पर चंदन में सजे श्रीजगन्नाथ, भक्तों को दिए पीत वर्ण में दिव्य दर्शन

अक्षय तृतीया के अवसर पर आगरा के कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में भगवान को चंदन से विशेष श्रृंगार कर श्वेत व पीत वर्ण में सजाया गया। 21 दिनों तक चंदन लेप, हल्के वस्त्र और ठंडे भोग के साथ पूजा की जाएगी। मंदिर को सुगंधित फूलों से सजाया गया और भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन व प्रसाद का आनंद लिया।

Apr 20, 2026 - 23:58
 0
अक्षय तृतीया पर चंदन में सजे श्रीजगन्नाथ, भक्तों को दिए पीत वर्ण में दिव्य दर्शन
अक्षय तृतीया  के पर्व पर श्रीहरि चंदन के छापे से सजे श्वेत परिधान धारण कर भक्तों को दर्शन देते हुए।

आगरा। अक्षय तृतीया  के पावन पर्व पर श्रीहरि का चंदन के छापे से सजे श्वेत परिधान धारण कराए गए। श्रंगार भी चंदन से किया गया। बहन सुभद्रा व भाई बलराम संग चंदन से श्रंगारित आज श्रीजगन्नाथ भगवान श्याम वर्ण नहीं बल्कि भक्तों को पीत वर्ण में सुशोभित होकर दर्शन दिए। 21 दिन तक गर्मी के कारण सिर्फ एक बत्ती से आरती की जाएगी। भोग भी बैसाख की गर्मी में ठंडी तासीर के व्यजंन व फलों से लगाया जाएगा।

आज अक्षय तृतीया महोत्सव के उपलक्ष्य में कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर को गुलाब, मोगरे व बेले के पुष्पों से सजाया गया। हरि नाम संकीर्तन किया गया। इस्कॉन मंदिर आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि बैसाख व ज्येष्ठ माह में गर्मी बढ़ जाती है। 14 मई को वृषभ संक्रांति (सूर्य के वृषभ राशि में प्रवेश करने पर) के साथ गर्मी भीषण रूप ले लेती है। इसीलिए अक्षय तृतीया से 21 दिन तक भगवान का चंदन के लेप से श्रंगार किया जाएगा। उन्हें चंदन के छापे की हल्की सूती पोशाक पहनाई जाएंगी। मोगरा, बेला जैसे सुगन्धित पुष्पों से फूल बंगला सजेगा। सत्तू, खरबूजा, आम, तरबूज, लीची जैसे मौमसी फलों का प्रसाद लगाया जाएगा। 

अक्षय तृतीया के उपलक्ष्य में आज राधा-कृष्ण को हरियाली के बीच सजाकर बैठाया गया। जिनके दर्शन को हर श्रद्धालु लालायित नजर आया। संध्या आरती के उपरान्त सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, संजय कुकरैजा, शैलेश बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, शाश्वत नन्दलाल दास आदि उपस्थित थे।