उत्सव के रंगों के बीच व्यापारिक चुनौतियों पर गंभीर मंथन, आगरा सराफा व्यापारियों का होली मिलन

आगरा सराफा मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन में होली मिलन समारोह और साधारण सभा आयोजित की। कार्यक्रम में फूलों की होली, फागुन के रसिया और सांस्कृतिक संध्या के साथ उत्सव मनाया गया। साधारण सभा में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव, चांदी पर हॉलमार्किंग की संभावित अनिवार्यता, मेल्टिंग प्रक्रिया के सरलीकरण, और व्यापार सुरक्षा के लिए बीमा जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। अध्यक्ष ब्रजमोहन रैपुरिया ने व्यापारियों से एकजुट होकर काम करने की अपील की, जबकि मनोज गुप्ता ने आगरा के चांदी आभूषण उद्योग को ‘मेक in India’ में शामिल करने की मांग उठाई। कार्यक्रम में शहर के कई प्रमुख व्यापारिक संगठनों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया।

Mar 16, 2026 - 22:00
 0
उत्सव के रंगों के बीच व्यापारिक चुनौतियों पर गंभीर मंथन, आगरा सराफा व्यापारियों का होली मिलन
कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन में आगरा सराफा मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में उपस्थित सदस्य।

सोने-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव, चांदी हॉलमार्किंग और ‘मेक इन इंडिया’ में आगरा उद्योग को शामिल करने की उठी मांग

आगरा। आगरा सराफा मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन की ओर से सोमवार को कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन में होली मिलन समारोह एवं साधारण सभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एक ओर जहां ब्रज की पारंपरिक फूलों की होली, फागुन के रसिया और होली गीतों की मधुर धुनों के बीच सांस्कृतिक उल्लास देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर सोने-चांदी की कीमतों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव, चांदी पर हॉलमार्किंग की संभावित अनिवार्यता और सराफा व्यापार को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने जैसे अहम मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श भी हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजमोहन रैपुरिया, संरक्षक खिल्लो सिंह धाकड़ एवं मुन्नालाल शिवहरे, निवर्तमान अध्यक्ष पवन दौनेरिया, महामंत्री मनोज कुमार शर्मा तथा कोषाध्यक्ष गणेश चंद गोयल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों का चंदन तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया, जिससे आयोजन का वातावरण पारंपरिक और सौहार्दपूर्ण बना रहा।

फूलों की होली और सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां

दो सत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ब्रज की पारंपरिक फूलों की होली और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। फागुन के रसिया, होली गीतों और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच सराफा व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उपस्थित सदस्यों ने नृत्य-संगीत का आनंद लेते हुए आपसी भाईचारे और उत्सवधर्मिता का परिचय दिया। पूरे आयोजन स्थल पर होली के उल्लास और सांस्कृतिक रंगों की अनूठी छटा बिखरी रही।

व्यापारिक चुनौतियों पर गंभीर चर्चा

कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में आयोजित साधारण सभा के दौरान सराफा व्यापार की वर्तमान स्थिति, बाजार की चुनौतियां और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसोसिएशन अध्यक्ष ब्रजमोहन रैपुरिया ने कहा कि सोने और चांदी के दामों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से बाजार में अनिश्चितता का माहौल बना रहता है। ऐसे समय में व्यापारियों को एकजुटता, समन्वय और सूझबूझ के साथ काम करना होगा, ताकि कारोबार को सुरक्षित और व्यवस्थित दिशा दी जा सके। उन्होंने कहा कि बदलते बाजार और सरकारी नीतियों के दौर में सराफा व्यापारियों को सजग, संगठित और दूरदर्शी होकर निर्णय लेने की आवश्यकता है।

चांदी पर हॉलमार्किंग को लेकर व्यापारी सतर्क

अध्यक्ष ब्रजमोहन रैपुरिया ने बताया कि हाल ही में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के अधिकारियों के साथ चांदी पर हॉलमार्किंग की संभावित अनिवार्यता को लेकर चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर व्यापारियों की एक विशेष बैठक आयोजित कर सरलीकरण से जुड़े सुझाव भी दिए गए हैं। खासतौर पर आगरा में चांदी के तार से बनने वाले आभूषणों और विभिन्न प्रकार के टंच से तैयार आभूषणों की मेल्टिंग प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार के रुझान को देखते हुए सराफा व्यापार पूरी तरह संवेदनशील और सतर्क है तथा व्यापारी नए नियमों के अनुरूप अपने कारोबार को ढालने के लिए तैयार हैं। उनका कहना था कि यदि प्रक्रियाओं को व्यवहारिक और सरल बनाया जाए, तो यह उद्योग के लिए दीर्घकालिक रूप से लाभकारी साबित होगा।

व्यापार सुरक्षा के लिए फर्म बीमा कराने की सलाह

निवर्तमान अध्यक्ष पवन दौनेरिया ने व्यापारियों को जागरूक करते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिया कि सभी सराफा व्यापारी अपने आर्थिक हितों की सुरक्षा के लिए अपनी फर्म का बीमा (इंश्योरेंस पॉलिसी) अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि सराफा व्यापार स्वभाव से ही संवेदनशील और जोखिमपूर्ण क्षेत्र है। ऐसे में किसी भी अप्रत्याशित घटना, दुर्घटना, चोरी या नुकसान की स्थिति में बीमा व्यापारियों को बड़ी राहत और सुरक्षा प्रदान कर सकता है।

‘मेक इन इंडिया’ में मिले चांदी आभूषण उद्योग को स्थान

एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने आगरा के चांदी आभूषण उद्योग की विशिष्टता को रेखांकित करते हुए कहा कि शहर में चांदी के आभूषणों का निर्माण बड़े पैमाने पर किया जाता है। यहां तैयार होने वाले आभूषणों की देशभर में विशेष मांग है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग उठाई कि आगरा के चांदी आभूषण उद्योग को ‘मेक इन इंडिया’ जैसी प्रमुख राष्ट्रीय पहल में शामिल किया जाए। उनका कहना था कि यदि इस उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिले, तो आगरा के चांदी उद्योग को वैश्विक पहचान मिलेगी। स्थानीय विनिर्माण को मजबूती मिलेगी और निर्यात के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे।  यह मांग न केवल व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि आगरा को हस्तशिल्प एवं आभूषण निर्माण के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम हो सकती है।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भी संस्था की ओर से विशेष स्वागत एवं सम्मान किया गया। सम्मानित अतिथियों में आगरा व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, महामंत्री अशोक मंगनानी, नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र गोयल, डीजी मित्तल, विनय मित्तल और मयंक अग्रवाल, इसके अलावा सराफा कमेटी, सराफा एसोसिएशन, स्वर्णकार कमेटी और किनारी बाजार सराफा कमेटी के पदाधिकारियों का भी अभिनंदन किया गया।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद

इस अवसर पर एसोसिएशन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, अनिल कुमार जैन, उपाध्यक्ष मनीष परोलिया, मनीष जैन, संगठन सचिव कुलभूषण गुप्ता रामभाई, सचिव मुकेश कुमार गुप्ता, सोहनलाल गोयल, उल्लास दौनेरिया दिलीप गुप्ता, सोनू गोयल, आदित्य गुप्ता, बृजेश गुप्ता, राजीव मित्तल, धर्मेंद्र सिंह, हरीश कुमार गुप्ता सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।