आगरा के खंदौली में जानवरों का आतंक, सैकड़ों बंदरों के झुंड ने लोगों पर हमला कर कहर बरपाया, डॊक्टर समेत छह लोग घायल, हाईवे पर सांड ने पान विक्रेता को कई बार पटका, गंभीर घायल

आगरा। खंदौली कस्बे में आवारा जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ओर खूंखार हो चुके बंदरों ने डॉक्टर समेत आधा दर्जन लोगों को हमला कर घायल कर दिया, वहीं दूसरी ओर हाईवे पर एक सांड ने पान विक्रेता को बुरी तरह पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से कस्बावासियों में भय का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग उठाई है।

Jun 15, 2026 - 09:48
 0
आगरा के खंदौली में जानवरों का आतंक, सैकड़ों बंदरों के झुंड ने लोगों पर हमला कर कहर बरपाया, डॊक्टर समेत छह लोग घायल, हाईवे पर सांड ने पान विक्रेता को कई बार पटका, गंभीर घायल
बंदरों के हमले में घायल चिकित्सक डॊ. सुरेश चंद्र अग्रवाल।

एक ही दिन में चार बार टूटा बंदरों का कहर, डॉक्टर समेत छह लोग घायल

खंदौली कस्बे के रोडवेज बस स्टैंड के समीप चौपार क्षेत्र में रविवार को बंदरों के झुंड ने ऐसा उत्पात मचाया कि पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। लगभग 150 से 200 बंदरों के झुंड ने सुबह से शाम तक अलग-अलग समय पर चार बार हमला कर डॉक्टर सहित आधा दर्जन लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए और बच्चों को बाहर निकलना तक बंद कर दिया।

हमले में कस्बे के प्रसिद्ध फिजिशियन डॉ. सुरेश चंद्र अग्रवाल, मेडिकल स्टोर संचालक श्याम सुंदर सिंह, ओमा बुआ, छुटकू अग्रवाल समेत छह लोग घायल हो गए। सबसे गंभीर चोट डॉ. सुरेश चंद्र अग्रवाल के सिर में लगी, जबकि श्याम सुंदर सिंह, ओमा बुआ और छुटकू अग्रवाल की टांगों पर बंदरों ने काट लिया। घायलों के पैरों से खून बहता देख आसपास के लोग दौड़ पड़े और किसी तरह बंदरों को भगाकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि चौपार के समीप स्थित टीटीएसपी की पानी की टंकी में कई बंदरों की डूबने और घुटन से मौत हो चुकी है। इसके बाद से बंदर पहले की अपेक्षा अधिक आक्रामक हो गए हैं। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि भोजन की कमी के कारण भी बंदर हिंसक व्यवहार कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले पंद्रह दिनों में बंदरों के हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक वन विभाग और प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने तथा स्थायी समाधान की मांग की है।

हाईवे पर सांड का हमला, पान विक्रेता को कई बार पटककर किया गंभीर घायल

सांड के हमले में घायल पान विक्रेता। 

खंदौली। कस्बे में आवारा पशुओं का आतंक भी लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। रविवार देर रात आगरा-अलीगढ़ हाईवे स्थित रोडवेज बस स्टैंड के सामने घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे एक पान विक्रेता पर अचानक सांड ने हमला बोल दिया। सांड ने उन्हें कई बार पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल की पहचान बाबूलाल शर्मा (65) पुत्र रामभरोसी शर्मा निवासी ए ब्लॉक ट्रांस यमुना कॉलोनी, थाना एत्माद्दौला के रूप में हुई है। उनकी हाईवे पर खंदौली रोडवेज बस स्टैंड के सामने पान की दुकान है। रविवार रात करीब दस बजे दुकान बंद करने के बाद वह घर जाने के लिए वाहन की प्रतीक्षा कर रहे थे, तभी अचानक एक सांड ने उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड ने बाबूलाल शर्मा को कई बार सींगों से उठाकर सड़क पर पटक दिया। उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह सांड को भगाया और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंदौली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खंदौली कस्बे और हाईवे पर आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक इन पशुओं को पकड़ने के लिए कोई प्रभावी अभियान नहीं चलाया गया। लोगों ने नगर पंचायत और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

SP_Singh AURGURU Editor