मन की बात बना जनजागरण का मंच, सांसद नवीन जैन बोले—यह केवल संवाद नहीं, राष्ट्र निर्माण का संकल्प
आगरा। प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण का रविवार को कमला नगर स्थित वार्ड 80 में पार्षद पंकज अग्रवाल के आवास पर सामूहिक श्रवण किया गया। इस दौरान सांसद नवीन जैन की उपस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने परिवार सहित कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना और प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जैसे ही ‘मन की बात’ का प्रसारण शुरू हुआ, सभी लोग एकाग्र होकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनते नजर आए। आयोजन का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभावना और सामाजिक चेतना से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम अब केवल संवाद का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त अभियान बन चुका है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री सीधे समाज के हर वर्ग से जुड़ते हैं और राष्ट्रहित के महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखते हैं।
नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री का हर संबोधन समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के प्रति नागरिकों के संकल्प को मजबूत करता है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस बार प्रधानमंत्री ने आगामी जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए देशवासियों को जागरूक किया। साथ ही नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक सहभागिता और देश के विकास में आमजन की भूमिका पर भी स्पष्ट मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को गंभीरता से सुना और इसे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने वाला बताया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रम देश के नागरिकों को नई दिशा देने के साथ ही उन्हें अपने दायित्वों के प्रति सजग भी बनाते हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष ब्रज किशोर अग्रवाल, राजीव शर्मा, राजेश गुप्ता, रवि गोयल, आयुष अग्रवाल, गौरव चौहान, कपिल कुशवाह, मोहम्मद नसीम, युवा भाजपा नेता वंश अग्रवाल, डॉ. अभिषेक अग्निहोत्री, विशाल गुप्ता, अंश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।