खाकी पर फिर दाग! ताजगंज के कांस्टेबल के साथ लिव-इन में रह रही फैशन डिजाइनर युक्ति की आत्महत्या से यूपी पुलिस की अनुशासन व्यवस्था पर सवाल, सिपाही जेबी गौतम पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शोषण करने का आरोप; शादी से मुकरने पर आहत युवती ने उठाया खौफनाक कदम

आगरा में एक फैशन डिजाइनर की आत्महत्या ने पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना ताजगंज में तैनात कांस्टेबल जेबी गौतम के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही फैशन डिजाइनर युवती ने कथित तौर पर लंबे समय तक चले शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर फंदे पर लटककर जान दे दी। आत्महत्या से पहले युवती ने एक वीडियो बनाकर कुछ रिश्तेदारों को भेजा है, जिसका डिटेल सामने आना बाकी है। मामले के सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Mar 13, 2026 - 10:31
 0
खाकी पर फिर दाग! ताजगंज के कांस्टेबल के साथ लिव-इन में रह रही फैशन डिजाइनर युक्ति की आत्महत्या से यूपी पुलिस की अनुशासन व्यवस्था पर सवाल, सिपाही जेबी गौतम पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शोषण करने का आरोप; शादी से मुकरने पर आहत युवती ने उठाया खौफनाक कदम
मृतका का एक फाइल फोटो, जिसमें वह आरोपी सिपाही जेबी गौतम के साथ है।

शादी के वादे से शुरू हुआ रिश्ता, लिव-इन तक पहुंची कहानी

मूल रूप से सहावर (कासगंज) की रहने वाली युवती पेशे से फैशन डिजाइनर थी। वह अपने पति से अलग रह रही थी और उसका एक बच्चा है, जो फिलहाल पिता के साथ रह रहा था।

परिजनों के अनुसार कुछ वर्ष पहले शमसाबाद में एक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात कानपुर देहात निवासी सिपाही जेबी गौतम से हुई थी। गौतम थाना ताजगंज में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात था। मुलाकात के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। परिजनों का आरोप है कि सिपाही ने शादी का भरोसा दिलाया और युवती को ताजगंज क्षेत्र में किराए के मकान में अपने साथ रखने लगा, जहां दोनों लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे।

शादी से मुकरा सिपाही, अवसाद में चली गई युक्ति

युवती के पिता का आरोप है कि कई वर्षों तक संबंध रखने के बाद सिपाही ने अचानक शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद से युवती मानसिक तनाव में रहने लगी और अक्सर गुमसुम रहती थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि जब शादी की बात आगे बढ़ी तो आरोपी के परिजनों ने भी युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और उसे बेटे से दूर रहने की धमकी दी जाने लगी।

बहन के घर पहुंचकर फंदे से लटककर दी जान

बुधवार को युवती अपनी बहन के घर सदर क्षेत्र के सैनिक नगर पहुंची थी। रात में बहन बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी, जबकि युक्ति अलग कमरे में थी और तेज आवाज में गाने बज रहे थे।

करीब रात 12:30 बजे जब बहन कमरे में पहुंची तो युवती पंखे से लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन वीडियो मिला अहम सबूत

पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। हालांकि जांच में पता चला कि युवती ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड कर कुछ रिश्तेदारों को भेजा था।

पुलिस ने वह वीडियो बरामद कर लिया है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि वीडियो में क्या कहा गया है, लेकिन जांच में उसे अहम साक्ष्य माना जा रहा है।

पिता की तहरीर पर मुकदमा, सिपाही गिरफ्तार

मृतका के पिता की तहरीर पर सदर थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी सिपाही जेबी गौतम (निवासी कानपुर देहात) को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है और पूरे प्रकरण में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस की छवि पर उठे सवाल

यह घटना एक बार फिर पुलिस विभाग की छवि पर सवाल खड़े कर रही है। समाज में अनुशासन और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली पुलिस फोर्स के भीतर ही अगर इस तरह के आरोप सामने आते हैं तो जनता का भरोसा डगमगाना स्वाभाविक है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह केवल एक व्यक्तिगत मामला नहीं बल्कि पुलिस विभाग के अनुशासन और आचरण पर भी गंभीर प्रश्न है। कहने को यह कहा जा सकता है कि दो बालिग लोग लिव इन में हो सकते हैं, लेकिन सवाल खाकी वर्दी का होता है, जिससे नैतिक और सदाचार की उम्मीद की जाती है।

जांच जारी, सामने आ सकते हैं और तथ्य

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले से जुड़े और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor